धनबादः धनबाद के झरिया में सबसे सनसनीखेज खबर सामने आई है। दिन के उजाले में रत्नजी पेट्रोल पंप के पास युवक को सिर में सटाकर गोली मार दी गई। बदमाशों ने युवक को गोली उस समय मारी जब वह पैदल जा रहा था और रोड पर बड़ी संख्या में लोग आ जा रहे थे। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है।
पैदल जा रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली
पुलिस ने बताया कि युवक सड़क पर अकेला चल रहा था, तभी एक बाइक पर तीन लोग वहां पहुंचे और गोलियां चला दीं। व्यक्ति को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक की पहचान की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हम गोलीबारी के पीछे के लोगों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी स्कैन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और घटना के पीछे के लोगों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
वारदात का सीसीटीवी आया सामने
आपराधिक वारदात की यह घटना तब हुई, जब युवक पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहा था। CCTV में देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार तीन अपराधी तेज़ी से आये और उनमें से एक ने युवक के सिर में पीछे से सटा कर गोली चला दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर जाता है। आसपास के लोग भागते हैं अफरातफरी मच जाती है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच कर रही है। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए।
लूटपाट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार
वहीं, जमशेदपुर में एक निर्माण कंपनी के कार्यालय में कथित तौर पर लूटपाट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में अजीत बेहरा (28) भी शामिल है, जो पिछले तीन महीने से कंपनी में वेल्डर के तौर पर काम कर रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे पता था कि हर महीने की दस तारीख को मजदूरों के भुगतान के लिए कार्यालय में भारी मात्रा में नकदी आती थी और इसके आधार पर ही उसने डकैती की योजना बनाई।
रिपोर्ट- कुंदन सिंह, धनबाद