1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के चतरा में लोहे के पोल से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

झारखंड के चतरा में लोहे के पोल से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

झारखंड में दो युवकों की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

लोहे के पोल से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV लोहे के पोल से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई

 चतरा। टंडवा स्थिति एनटीपीसी गेट नंबर दो के समीप मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बीते 28 जून को हजारीबाग के हुरहुरु निवासी आशीष पासवान और सिरसी निवासी मोनू कुमार   को लोहे के पोल में बांधकर बेरहमी से पीटा गया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

40 हजार रुपये हड़पने का आरोप

दोनों पीड़ित युवक एनबीईटी ट्रांसपोर्ट में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, युवक सामान लेकर देर शाम एनटीपीसी पहुंचे थे और आवश्यक कागजात की फोटोकॉपी कराने सचिन गुप्ता नामक दुकानदार की दुकान पर गए थे। आरोप है कि अगले दिन सुबह गाड़ी लौंग निवासी सचिन गुप्ता और उसके पिता सुनील गुप्ता ने उन्हें बुलाकर 40 हजार रुपये की राशि "हैक" किए जाने का झूठा आरोप लगाया और फिर पोल में बांधकर जानलेवा हमला कर दिया।

युवक को लोहे के पोल से बांधकर पीटा गया

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को लोहे के पोल से बांधकर लात-घूंसों से पीटा जा रहा है। आसपास खड़े लोग मूक दर्शक बने तमाशा देख रहे हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने टंडवा थाना में लिखित शिकायत दी है। पुलिस को मिली सूचना के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

वीडियो वायरल होते ही आम लोगों में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। लोगों ने इस ‘तालिबानी सजा’ की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि यदि कोई अपराध हुआ है, तो उसका निर्णय अदालत करे, न कि खुद को न्यायाधीश समझने वाले भीड़तंत्र।

 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

फिलहाल, पीड़ितों द्वारा दर्ज शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लेकिन सवाल उठता है कि वीडियो में साफ दिख रहे आरोपियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? आमजन और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मांग है कि ऐसी घटनाओं पर कठोर और त्वरित कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई कानून को अपने हाथ में लेने का दुस्साहस न कर सके।

रिपोर्ट- संजीत मिश्रा, चतरा