कुछ लोग हर रोज बाल धोते हैं, तो वहीं कुछ लोग एक हफ्ते में सिर्फ एक बार हेयर वॉश करते हैं। क्या आपने कभी सोचा है कि एक हप्ते में कितनी बार बाल धोना, हेयर हेल्थ के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है? अगर नहीं, तो आज हम आपको इस सवाल के सही जवाब के बारे में बताएंगे। इसके अलावा आज हम आपको शैंपू करने के सही तरीके के बारे में भी बताएंगे जिससे आपके बालों की सेहत को मजबूत बनाया जा सके।
कितनी बार धोएं बाल- ज्यादातर लोगों के बालों के लिए एक हफ्ते में 2 से 3 बार शैंपू करना फायदेमंद साबित हो सकता है। लेकिन अगर आपकी स्कैल्प ऑयली है, तो आप हर रोज या फिर एक दिन छोड़कर हेयर वॉश कर सकते हैं। वहीं, अगर आपके बाल रूखे या फिर घुंघराले हैं, तो 1-2 बार बाल धोना काफी है। अपनी हेयर हेल्थ को सुधारने के लिए आपको माइल्ड शैंपू या फिर नेचुरल शैंपू का इस्तेमाल करना चाहिए।
शैंपू करने का सही तरीका- शैंपू को कभी भी डायरेक्ट अपने सिर पर नहीं लगाना चाहिए। एक कटोरी में थोड़ा सा पानी और थोड़ा सा शैंपू निकाल लीजिए और फिर इन दोनों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए। आप शैंपू और पानी के मिश्रण को अपनी स्कैल्प पर अप्लाई कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जो लोग जरूरत से ज्यादा बार शैंपू लगाते हैं, उनके बाल न केवल रूखे और बेजान हो जाते हैं बल्कि उन्हें हेयर फॉल की समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है।
जरूर लगाएं तेल- आपको शैंपू करने से एक रात पहले अपने बालों पर और अपनी स्कैल्प पर तेल जरूर लगाना चाहिए। औषधीय गुणों से भरपूर तेल की मसाज आपके बालों को अंदर से पोषण देने में कारगर साबित हो सकती है। अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं है, तो आप बाल धोने से 1-2 घंटे पहले भी तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। दादी-नानी के जमाने से बालों पर तेल लगाने की आदत को काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता रहा है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Lifestyle News