1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शिवपुरी के ऐतिहासिक नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

शिवपुरी के ऐतिहासिक नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी चोरी हो गई है। बताया जा रहा है कि ये तोप 400 साल पुरानी थी। इस घटना के बाद से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

cannon theft- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कॉन्सेप्ट इमेज।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहां की ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहे नरवर किले से लगभग 400 साल पुरानी एक ऐतिहासिक तोप चोरी हो गई है। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश के लिए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।

अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम

यह पूरी घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि अज्ञात चोर किसी बड़े वाहन के साथ किले के पिछले हिस्से के रास्ते से अंदर दाखिल हुए थे। वहां रखी भारी-भरकम ऐतिहासिक तोप को वाहन में लादकर वे आसानी से फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही करैरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रशांत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करों पर शक

एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। तोप के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इसमें किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय प्राचीन वस्तुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का हाथ होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस फिलहाल किले और उसके आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आने-जाने वाले रास्तों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों की लापरवाही भी आई सामने

इस मामले में प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले यह तोप अपने तय स्थान से नीचे गिरी हुई पाई गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे वापस सुरक्षित स्थान पर रखवाने की जहमत नहीं उठाई। नतीजा यह हुआ कि चोरों ने इसी बात का फायदा उठाकर इसे वहां से पार कर दिया।

अब बची हैं सिर्फ 13 तोपें

राज्य पुरातत्व विभाग के उपनिदेशक तरुण कुमार श्रीवास्तव ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि वह खुद जल्द ही नरवर किले का दौरा करेंगे और पुलिस के साथ मिलकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे ताकि इस अमूल्य धरोहर को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, इस किले में पहले कुल 14 ऐतिहासिक तोपें हुआ करती थीं, लेकिन इस चोरी के बाद अब केवल 13 तोपें ही बची हैं।

PTI Input

ये भी पढ़ें:  'दिख रहा था कि वो परेशान थे', अक्षय कुमार के 25 करोड़ वाले नोटिस पर बोले परेश रावल, बोले- मैं 'हेरा फेरी' से शादी कर चुका हूं