1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'दिख रहा था कि वो परेशान थे', अक्षय कुमार के 25 करोड़ वाले नोटिस पर बोले परेश रावल, बोले- मैं 'हेरा फेरी' से शादी कर चुका हूं

'दिख रहा था कि वो परेशान थे', अक्षय कुमार के 25 करोड़ वाले नोटिस पर बोले परेश रावल, बोले- मैं 'हेरा फेरी' से शादी कर चुका हूं

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 16, 2026 06:18 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 06:18 pm IST

परेश रावल ने अक्षय कुमोर के 25 करोड़ वाले नोटिस पर रिएक्ट किया है। उन्होंने फिल्म 'हेरा फेरी' को लेकर बात की और बताया कि अगर फिल्म बनी तो वो उसका हिस्सा रहेंगे।

Paresh Rawal- India TV Hindi
परेश रावल। Image Source : PTI

पिछले साल फिल्म 'हेरा फेरी 3' को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था, जब दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने अचानक इस बहुप्रतीक्षित फिल्म से अलग होने का ऐलान कर दिया था। इस फैसले से नाराज होकर फिल्म के सह-निर्माता और अभिनेता अक्षय कुमार ने उन पर कॉन्ट्रैक्ट के उल्लंघन और प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए 25 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेज दिया था। महीनों तक चली कानूनी खींचतान और कई उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार परेश रावल ने अपना फैसला बदला और वे फिल्म में लौटने के लिए तैयार हो गए। अब परेश रावल ने इस पूरे विवाद के पीछे की असली कहानी साझा की है और बताया है कि उन्होंने शुरुआत में इस ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी को क्यों छोड़ दिया था।

कॉन्ट्रैक्ट की वजह से पीछे हटे थे परेश

विक्की लालवानी के साथ हालिया इंटरव्यू में परेश रावल ने साफ किया कि उनका यह फैसला अक्षय कुमार के साथ किसी भी तरह की व्यक्तिगत असहजता या अनबन के कारण नहीं था। उन्होंने बताया, 'यह पूरी तरह से एक संविदात्मक बाध्यता का मामला था। अगर मुझे यह फिल्म करनी थी, तो मुझे निर्माता फिरोज नाडियाडवाला की आधिकारिक मंजूरी की जरूरत थी, क्योंकि 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी के एकमात्र मालिक वही हैं। इसके अलावा 'आवारा पागल दीवाना' और 'वेलकम' जैसी फिल्मों के अधिकार भी उन्हीं के पास हैं। जब तक मुझे उनकी तरफ से लिखित मंजूरी नहीं मिलती, मैं इस प्रोजेक्ट के लिए आगे नहीं बढ़ सकता था।'

कानूनी पचड़े से तंग आकर छोड़ दी थी फिल्म

परेश रावल ने बताया कि अक्षय कुमार की तरफ से मिले कानूनी नोटिस ने उन्हें काफी परेशान कर दिया था। उस पल को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'जब मुझे कानूनी नोटिस मिला तो मैंने सोचा कि मैं इस पचड़े में क्यों पड़ रहा हूं? मैं यहां फिल्मों का आनंद लेने आया हूं या इन कानूनी विवादों में फंसने के लिए? इसी झुंझलाहट में मैंने तय कर लिया था कि मैं अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं रहना चाहता।' अक्षय के इस कड़े कदम पर बात करते हुए परेश ने आगे कहा, 'मेरा मानना है कि वह कानूनी नोटिस एक भावनात्मक प्रतिक्रिया थी। शायद अक्षय को लगा होगा कि 'परेश ने मुझे मना कैसे कर दिया?' वह उस वक्त भावनात्मक रूप से आहत हुए होंगे, इसलिए उन्होंने ऐसा किया।'

अक्षय और फिरोज नाडियाडवाला के बीच का था विवाद

जब परेश रावल से पूछा गया कि फिरोज नाडियाडवाला की मंजूरी मिलने में देरी क्यों हुई और पेंच कहाँ फंसा था, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विवाद पूरी तरह से अक्षय और फिरोज के बीच का था, जिसमें वे कभी दखल नहीं देना चाहते थे। उन्होंने कहा, "फिरोज भाई की मंजूरी क्यों नहीं मिली, यह अक्षय और उनके बीच का आपसी मुद्दा था। मैंने कभी इसकी गहराई में जाने की कोशिश नहीं की। मेरे और अक्षय के बीच कभी भी रिश्ते बिगड़ने या कड़वाहट आने जैसी कोई बात नहीं रही है।"

बाबूराव के किरदार में वापसी को तैयार

'हेरा फेरी 3' के भविष्य और अधिकारों को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई के बीच परेश रावल ने फिल्म के प्रति अपनी बात दोहराई। उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर चाहे जो भी अनिश्चितता हो, वे बाबूराव के अपने आइकॉनिक किरदार को दोबारा निभाने के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'जब भी 'हेरा फेरी' असल में बनेगी, मैं उसमें जरूर काम करूंगा। मैं इस फिल्म से शादी कर चुका हूं। इसे चाहे जो भी बनाए या निर्देशित करे, मैं वहां मौजूद रहूंगा।' उन्होंने यह भी बताया कि कानूनी नोटिस के बाद उन्होंने और अक्षय ने कभी इस पर बैठकर औपचारिक चर्चा नहीं की, लेकिन बाद में उन्होंने साथ काम किया और बिना कुछ कहे ही जेंटलमैन की तरह दोनों के बीच का मामला खुद-ब-खुद सुलझ गया।

परेश ने क्यों छोड़ी रातजनीति

इसी बातचीत के दौरान परेश रावल ने अपने राजनीति छोड़ने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा राजनीति में रहते हुए वो न अभिनय पर फोकस कर पा रहे थे और न ही राजनीति पर। उन्होंने कहा कि बर्डन बढ़ गया था और उनका बीपी इस कदर बढ़ रहा था कि उन्हें 3 गोलियां खानी पड़ रही थी।

ये भी पढ़ें: 'दिख रहा है सब', सलमान खान ने सबसे पहले पकड़ी थी सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की लव स्टोरी, नेहा धूपिया के शो में हुआ खुलासा

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन