टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अपने शानदार खेल से एक बार फिर महफिल लूट ली है। हाल ही में खेले गए विनू मनकड़ ट्रॉफी एलीट मुकाबले में आर्यवीर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 173 रनों की शानदार और ऐतिहासिक पारी खेली। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दिल्ली अंडर-19 टीम ने मैच में 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन का स्कोर खड़ा किया। आपको बता दें कि इस टूर्नामेंट में आर्यवीर सहवाग दिल्ली U19 की कप्तानी कर रहे हैं।
आर्यवीर ने लगाए 19 चौके और 8 छक्के
चंडीगढ़ अंडर-19 के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली अंडर-19 की शुरुआत काफी अच्छी रही। आर्यवीर और आर्यन बग्गा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। बग्गा 39 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। आर्यवीर की बात करें तो उन्होंने मैदान के चारों तरफ बेहतरीन शॉट लगाए और गेंदबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। आर्यवीर ने अपनी इस बड़ी पारी में महज 143 गेंदों का सामना करते हुए 173 रन कूट डाले। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 19 शानदार चौके और 8 गगनचुंबी छक्के निकले। यानी उन्होंने अकेले कुल 27 बाउंड्री (चौके-छक्के) की मदद से 124 रन बना दिए। उनका स्ट्राइक रेट भी 120 के ऊपर का रहा, जिसने साबित कर दिया कि उन्हें अटैकिंग बल्लेबाजी करना पसंद है।
दिल्ली के बाकी के बल्लेबाज रहे फ्लॉप
आर्यवीर के अलावा बाकी बल्लेबाजों ने क्रीज पर टिकने की कोशिश की लेकिन इसमें वो कामयाब नहीं हो सके। टीम के लिए श्रीहन आहूजा ने 3 रन, विकेटकीपर अभिरज गगन सिंह ने 18 रन और उदय चावला ने 7 रन बनाए। पारी के अंत में शांतनु यादव ने नाबाद 27 रनों और औम ने नाबाद 8 रनों की उपयोगी पारी खेलकर स्कोर को आगे बढ़ाया, जबकि यथार्थ सिंह चौहान अपना खाता खोले बिना रन आउट हो गए। इस तरह दिल्ली की पूरी टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन बनाने में कामयाब हो पाई।
चंडीगढ़ की गेंदबाजी की बात करें तो वहां रुपेश यादव ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। उन्होंने 10 ओवर में 42 रन खर्च किए, इस दौरान उन्होंने 2 मेडन ओवर फेंके। उनके अलावा श्रेष्ठ दुग्गल, गगनप्रीत सिंह और अभय सिंह को 1-1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें
स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम, आज कितने बजे शुरू होगा मुकाबला
इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज आखिरी टी20 मैच होगा रद्द? बेंगलुरु में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट