A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. रील बनाते समय कैमरे में कैद हुआ दर्दनाक हादसा, 3 लोगों की हुई मौत; सामने आया VIDEO

रील बनाते समय कैमरे में कैद हुआ दर्दनाक हादसा, 3 लोगों की हुई मौत; सामने आया VIDEO

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक हादसे का वीडियो सामने आया है। हादसे के समय कार में सवार लोग रील के लिए वीडियो बना रहे थे, तभी सामने से बाइक आई और कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।

हादसे का वीडियो आया सामने।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हादसे का वीडियो आया सामने।

बैतूल: फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रील बनाने के लिए लोग अपनी जान खतरे में डालने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भी इंस्टाग्राम के लिए रॉन्ग साइड से आने के चक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर बैतूल-चिचोली मार्ग पर मंगलवार को टाहली जोड़ के पास हुई थी। यहां दो युवती और एक युवक रॉन्ग साइड से बाइक चला रहे थे, तभी सामने से तेज गति से आ रही टवेरा से उनकी भिड़ंत हो गई थी। इस हादसे में मौसी, भांजे सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

हादसे में तीन लोगों की मौत 

घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे टाहली जोड़ की है। टवेरा में सवार एक युवक मोबाइल से इंस्टाग्राम रील बनाता नजर आ रहा है। कुछ सेकेंड बाद सामने से आ रही बाइक सीधे वाहन से टकरा जाती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा टवेरा में घुस गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में कपिल बारस्कर (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खुशी पंडाग्रे (22) और आंचल सेन (23) ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। खुशी और कपिल रिश्ते में मौसी-भांजा थे।

सहेली को लेने गए थे मौसी और भांजे

खारीढाना निवासी आंचल सेन इंदौर से लौटकर फोरलेन स्थित टाहली जोड़ पर उतरी थीं। उन्हें लेने के लिए उनकी सहेली खुशी पंडाग्रे और भांजा कपिल बारस्कर बाइक से पहुंचे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान टाहली जोड़ के पास उनकी बाइक और टवेरा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।

गलत दिशा से आने पर हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टवेरा अपनी लेन में चल रही थी, जबकि बाइक गलत दिशा से आ रही थी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। मृतकों में आंचल सेन इंदौर में निजी नौकरी करती थीं, जबकि खुशी पंडाग्रे कॉलेज की छात्रा थीं। चिचोली पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दुर्घटना किसकी लापरवाही से हुई। (इनपुट- मयंक भार्गव)

यह भी पढ़ें- 

दार्जिलिंग में भारी बारिश से अस्थायी पुल टूटा, उफान पर बालासन नदी, कई इलाकों का टूटा संपर्क; रूट डायवर्ट