A
Hindi News मध्य-प्रदेश शराब की बोतल पर मांगा डिस्काउंट, मना किया तो सेल्समैन को मार दी गोली; CCTV में दिखा अपराध का बेखौफ चेहरा

शराब की बोतल पर मांगा डिस्काउंट, मना किया तो सेल्समैन को मार दी गोली; CCTV में दिखा अपराध का बेखौफ चेहरा

मध्य प्रदेश के भिंड में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि मामूली बात पर भी गोलियां चलने लगी हैं। अटेर थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव में शराब की बोतल पर डिस्काउंट न देने से बदमाशों ने सेल्समैन पर ही फायरिंग कर दी।

फ्री शराब के लिए...- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT फ्री शराब के लिए सेल्समैन पर गोली चला दी।

भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान पर शराब की बोतल पर डिस्काउंट ना देने से नाराज बदमाशों ने सेल्समैन पर फायरिंग कर दी। गोली सेल्समैन के हाथ में लगने से वह घायल हो गया और जान बचाकर दुकान से भागा। आरोपियों ने भागते हुए सेल्समैन पर फिर से फायरिंग करने की कोशिश की लेकिन दोबारा गोली नहीं चली, जिसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दुकान के अंदर ही निकाल ली पिस्टल

मिली जानकारी के अनुसार प्रतापपुरा गांव में भगवान ग्रुप पर शराब बेचने का लाइसेंस है। यहां पर रविन्द्र यादव सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। बतौर पीड़ित घटना के दिन भूरा भदौरिया, अर्पित कांकर सहित एक अन्य अज्ञात बदमाश एक बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे और शराब खरीदने के दौरान डिस्काउंट की मांग करने लगे। सेल्समैन द्वारा नियमों का हवाला देते हुए डिस्काउंट देने से इनकार कर दिया गया, जिससे बदमाश विवाद करने लगे और देखते ही देखते बदमाशों ने दुकान के अंदर ही पिस्टल निकाल ली। इसके बाद बदमाशों ने बिना किसी डर के सीधे गोली चला दी, जो सेल्समैन रविन्द्र यादव के हाथ में जा लगी।

दूसरी गोली पिस्टल में फंसने से नहीं चली

गोली लगते ही घायल रविन्द्र यादव दुकान से बाहर की ओर भागा। बदमाशों ने भाग रहे सेल्समैन पर दूसरी बार फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि इस बार पिस्टल में कारतूस फंस गया, जिससे गोली नहीं चल सकी। इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि शराब पर डिस्काउंट को लेकर एक दिन पहले भी सेल्समैन और बदमाशों के बीच कहासुनी हुई थी। उस दौरान रविन्द्र यादव ने बदमाशों की हरकतों का मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया था। इसी बात को लेकर बदमाश पहले से नाराज थे और उन्होंने सेल्समैन को धमकी भी दी थी।

सामने आया वीडियो-

CCTV में दिखे आरोपियों के चेहरे

घटना की जानकारी मिलते ही अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पूरी घटना कैमरे में कैद होने से आरोपियों की पहचान में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने मामले में भूरा भदौरिया, अर्पित कांकर सहित एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

(रिपोर्ट- परानिधेश भारद्वाज)

यह भी पढ़ें-

शराब के नशे में युवती ने सड़क पर मचाया जमकर हंगामा, वायरल Video देखकर रह जाएंगे दंग

डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर जाकर पलटी कार, एक की मौत; सामने आया CCTV फुटेज