1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO वायरल होते हुए कार्रवाई, युवती से राह चलते अभद्रता करने वाला मनचला गिरफ्तार

VIDEO वायरल होते हुए कार्रवाई, युवती से राह चलते अभद्रता करने वाला मनचला गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में एक युवती बाइक सवार युवक पर राह चलते बदतमीजी और अभद्रता करने का आरोप लगा रही थी।

युवती से अभद्रता करने वाला गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/AFORAURA युवती से अभद्रता करने वाला गिरफ्तार

भोपाल: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए अयोध्या नगर थाना पुलिस ने राह चलती युवती से अभद्रता करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 7 जुलाई की रात को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक पीड़ित युवती बाइक सवार युवक पर राह चलते बदतमीजी और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और मार्गदर्शन में अयोध्या नगर पुलिस ने तुरंत वीडियो की जांच और आरोपी की तलाश शुरू की।

आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है आरोपी

पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ घेराबंदी की और अज्ञात बदमाश की शिनाख्त अभिषेक विश्वकर्मा के रूप में की। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सी-सेक्टर, अरहेड़ी के पास से धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बाजार गांव, बरखेड़ा (थाना अहमदपुर, जिला सीहोर) का रहने वाला है। वर्तमान में वह भोपाल के अरहेड़ी में शंकर खदान के पास रह रहा था और गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी का काम करता है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि आरोपी अभिषेक आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पहले भी थाना अहमदपुर (सीहोर) में मामला दर्ज है।

कुएं में 13 काले हिरण मृत मिले

एक अन्य खबर में, मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक कुएं में एक आवारा कुत्ता और 13 काले हिरण मृत मिले। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी। वन मंडलाधिकारी हेमलता शाह ने बताया कि कालापीपल तहसील के खरदौन कलां गांव में किसान राजेश पाटीदार के खेत में कुएं से रविवार को दुर्गंध आने पर परिजनों ने देखा कि उसमें कई जानवरों के सड़े-गले शव पड़े हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कुएं से मरे हुए 13 काले हिरण (चार नर और नौ मादा) एवं एक कुत्ते को बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें-

महिला को पीछे से मारी टक्कर, उछलकर सीधे ट्रक के नीचे समा गई; CCTV में कैद हुआ हादसा

VIDEO: 10वीं मंजिल पर बच्चों के साथ हाइड एंड सीक खेल रहा था बच्चा, लिफ्ट के डक्ट में गिरकर हुई मौत