1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'मुझे तैश आ गया था', IPS को अपशब्द कहने पर बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने मांगी माफी

'मुझे तैश आ गया था', IPS को अपशब्द कहने पर बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने मांगी माफी

बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने IPS अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने के मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया और कहा कि आगे से मैं अपनी शब्दावली में सुधार लाऊंगा।

pritam lodhi- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी

IPS अधिकारी को धमकाने के मामले में घिरे बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। पुलिस अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने से मध्य प्रदेश में विवाद बढ़ गया था। शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से विधायक प्रीतम लोधी ने अपने हालिया विवादित बयानों और पुलिस अधिकारियों के साथ टकराव पर इंडिया टीवी के साथ Exclusive बातचीत की। लोधी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने गुस्से में जो शब्द कहे, उनके लिए उन्हें खेद है, लेकिन अधिकारियों ने उनके बेटे का जुलूस निकालकर उन्हें उकसाया था।

'गुस्से में मैंने जो शब्द बोले उसके लिए मुझे खेद है'

प्रीतम लोधी ने कहा, पुलिस अधिकारियों ने देश में मेरे लड़के का जुलूस निकाला तब मुझे थोड़ा तैश आया। तैश में, गुस्से में मैंने जो शब्द बोले उसके लिए मैं खेद व्यक्त करता हूं। अध्यक्ष जी हेमंत खंडेलवाल ने मुझे नोटिस दिया, उस मैंने स्वीकार किया। मैंने उसका जवाब दिया। हमारे मुख्यमंत्री महोदय भी साथ में थे। अब भाजपा संगठन मेरे राजनीतिक भविष्य को लेकर क्या निर्णय देता है, मैं उसे स्वीकार करूंगा।

बता दें कि एक दिन पहले हेमंत खंडेलवाल ने पिछोर के विधायक प्रीतम सिंह लोधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में उनके व्यवहार को 'बेहद आपत्तिजनक और पार्टी अनुशासन के खिलाफ' बताया गया था और तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया था।

'शीर्ष नेतृत्व ने मुझे शब्दावली सुधारने को कहा'

बीजेपी विधायक ने आगे कहा, ''मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व ने मुझे कहा है कि शब्दावली सुधारना है तो मैं आगे से शब्दावली में सुधार लाऊंगा। मुख्यमंत्री ने जैसे घर-परिवार में समझाते, वैसे मुझे समझाया। रात गई बात गई, अब नई बातें आएगी तो मुलाकात होगी फिर बात करेंगे। आईपीएस को जो मैंने कहा वो बिना कारण नहीं कहा। जब जांच कमेटी बनेगी, जांच होगी तब उसका भी जवाब मिल जाएगा।'' 

'IPS को मोहरा बनाया गया, खेल कोई और कर रहा'

प्रीतम लोधी ने कहा, ''जो SDOP साहब हैं, आईपीएस हैं नए आए हैं, उनको तो मोहरा बनाया गया है। इसमें खेल कोई और कर रहा है। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मोहरा बनाया इसीलिए जांच करा रहा हूं। मुख्यमंत्री और अध्यक्ष जी से मैंने निवेदन किया है कि इसमें जांच जरूर होनी चाहिए। जांच होगी तब पर्दाफाश हो जाएगा।'' 

क्या है पूरा विवाद?

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे करैरा के SDOP आयुष जाखड़ से बहस करते नजर आए और उनके अधिकार पर सवाल उठाते दिखे। वीडियो में उन्होंने कहा कि करेरा उनके 'बाप की जागीर' नहीं है और उनका बेटा वहां आएगा और चुनाव लड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी में हिम्मत है तो उसे रोककर दिखाए।

विधायक ने बताया, 46 मुकदमों का इतिहास

46 मुकदमों के बारे में पूछने पर प्रीतम लोधी ने कहा, मैं विधायक तो अब बना हूं ढाई साल से लेकिन मेरे ऊपर मुकदमे कांग्रेस ने लगवाए। ये मुकदमे तब लगे जब हम जनसंघ और जनता पार्टी का सफर तय कर रहे थे। कांग्रेस ने मेरे पिता पर भी मुकदमे लगाए। उस समय मुझ पर इतने मुकदमे लगाए जाते थे कि मैं जेल से छूटता था और गेट पर ही फिर तैयारी हो जाती थी, फिर वापस जेल भेजा जाता था। 

देखें वीडियो-