मध्य प्रदेश के हाई-प्रोफाइल ट्विशा मामले में आज का दिन बेहद अहम है। मामले की जांच कर रही CBI आज मुख्य आरोपी समर्थ और उसकी मां व पूर्व जज गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश करेगी। दोनों आरोपियों की सीबीआई रिमांड आज समाप्त हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई कोर्ट से आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग कर सकती है।
आरोपियों ने दी सफाई
सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक की पूछताछ के दौरान आरोपी समर्थ और पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज किया है। दोनों ही आरोपियों ने ट्विशा के साथ किसी भी तरह की मारपीट या प्रताड़ना की बात से साफ इनकार किया है। केस से जुड़े साक्ष्यों और सबूतों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने के आरोपों को भी गलत बताया है। आरोपियों का दावा है कि ट्विशा के साथ उनके संबंध पूरी तरह सामान्य थे।
हर पहलू की तफ्तीश कर रही सीबीआई
राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच बेहद तेज और वैज्ञानिक रुख ले चुकी है। भले ही मामले के आरोपी खुद को लगातार बेकसूर बता रहे हैं, लेकिन CBI की टीम हर बारीक पहलू की तफ्तीश में जुटी है। कड़ियों को आपस में जोड़ने के लिए बीते सोमवार की दोपहर CBI की टीम ने घटनास्थल पर जाकर पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएशन किया।
डिजिटल और फिजिकल सबूतों की चल रही जांच
जांच एजेंसी इस मामले में किसी भी तरह की चूक नहीं चाहती। इसके लिए सीबीआई वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों पर फोकस कर रही है। मामले के दौरान जब्त किए गए सभी फिजिकल दस्तावेजों और सबूतों का वैज्ञानिक व फोरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों ने पूछताछ में जो बयान दिए हैं, CBI अब उनका मिलान घटनास्थल से मिले डिजिटल और फिजिकल सबूतों से कर रही है, ताकि बयानों में अगर कहीं विरोधाभास है तो सामने आ सके।
यह भी पढ़ें-
नाबालिग के साथ हैवानियत! हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया, गैंगरेप की भी आशंका; जांच में जुटी पुलिस