1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मातम में बदलीं खुशियां, बारातियों से भरी पलटी पिकअप, हादसे में दो की मौत और 15 घायल

मातम में बदलीं खुशियां, बारातियों से भरी पलटी पिकअप, हादसे में दो की मौत और 15 घायल

बारातियों को ले जा रही एक पिकअप ट्रक के बेकाबू होकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 15 अन्य घायल हो गए, जिससे खुशी का माहौल मातम में बदल गया।

Accident- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT बारातियों से भरी पलटी पिकअप

छतरपुर जिले के नौगांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां मना रहे बारातियों का जश्न मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार खबर कुछ ऐसी है शुक्रवार देर रात नौगांव के बापू डिग्री कॉलेज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे मौके पर हलचल मच गई। इस घटना के बाद वहां मौजूद सभी लोग दुख-दर्द में शोर शराबा करने लगे। बारातियों से भरी पिकअप पलटी के बाद पता चला कि इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल मिले।

बारातियों से भरी पिकअप दुर्घटनाग्रस्त

पिकअप वाहन बमोरी से बारात लेकर बांदा जिले के अतर्रा क्षेत्र की ओर जा रहा था, जब वाहन नौगांव के बापू डिग्री कॉलेज के पास पहुंचा तभी वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई। इस घटना में दो की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल 17 लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं 11 अन्य घायलों का इलाज नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार वाहन चालक के नशे की हालत में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

(इनपुट - प्रेम गुप्ता)

ये भी पढे़ं - सड़क पर बहने लगा हजारों लीटर तेल, बालाघाट में भारत पेट्रोलियम का टैंकर पलटा, मुफ्त का डीजल-पेट्रोल लूटने उमड़ी भीड़

स्कूल वैन से टक्कर के बाद बाइक सवार की मौत, रेत माफिया की लापरवाही से हुआ हादसा