A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: चलती बस से कूदीं 2 छात्राएं, परीक्षा देने जा रही थीं, कंडक्टर ने दरवाजे बंद किए और फिर...

MP: चलती बस से कूदीं 2 छात्राएं, परीक्षा देने जा रही थीं, कंडक्टर ने दरवाजे बंद किए और फिर...

दमोह में अश्लील कमेंट और छेड़छाड़ से परेशान होकर दो छात्राएं चलती बस से कूद गईं। दोनों घायल हो गई हैं, उन्हें जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

मध्य प्रदेश के दमोह में एक डरा देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो नाबालिग स्कूली छात्राएं चलती यात्री बस से कूद गईं। सोमवार सुबह ड्राइवर और कंडक्टर समेत चार लोगों द्वारा कथित रूप से अश्लील टिप्पणियां करने और संदिग्ध हरकतें किये जाने से परेशान होकर नौंवी कक्षा की दो छात्राएं चलती बस से कूद गईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में दोनों लड़कियां घायल हो गईं और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कहने पर भी बस नहीं रोकी

लड़कियों के चलती बस से छलांग लगाने की यह घटना इमलिया चौकी के अधरोटा टोरी मार्ग पर हुई। पुलिस उपाधीक्षक भावना डांगी ने बताया, ‘‘दोनों लड़कियां टोरी के एक स्कूल में पढ़ती हैं और अधरोटा से बस पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए जा रही थीं। बस में चालक और कंडक्टर समेत चार लोग सवार थे। आरोपियों ने अश्लील टिप्पणियां कीं और जब लड़कियों ने बस रोकने को कहा तो उन्होंने बस रोकने से इनकार कर दिया।’’

आरोपियों ने लड़कियों को घूरने के अलावा वाहन का पिछला दरवाजा भी बंद कर दिया था, जिससे छात्राओं को कुछ संदेह हुआ। अपनी सुरक्षा के लिए दोनों लड़कियां चलती बस से कूद गईं।

ड्राइवर-कंडक्टर समेत 4 अरेस्ट

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने बताया कि चालक मोहम्मद आशिक, कंडक्टर बंशीलाल तथा दो अन्य व्यक्तियों हुकुम सिंह और माधव असाटी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

शर्मनाक: 24 साल के युवक ने 80 साल की बुजुर्ग महिला से किया रेप, सुनकर सन्न रह गए लोग

दुर्योधन था पति, रोज रोज झगड़े से तंग पत्नी ने अपने बच्चों का घोंट दिया गला, जानें पूरा मामला