कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह का बड़ा दावा, कहा- 'दतिया में सारे रिकॉर्ड तोड़कर जीतेंगे'
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि इस बार दतिया में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। वहीं उन्होंने बीजेपी सरकार पर मतदान के दौरान माहौल बिगाड़ने और गड़बड़ी कराने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। घनश्याम सिंह ने दतिया के दाल मिल मार्केटिंग सोसायटी स्थित मतदान केंद्र क्रमांक-185 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत होगी। उन्होंने कहा, 'मुझे 100 प्रतिशत भरोसा है कि इस बार दतिया विधानसभा में रिकॉर्ड टूटेंगे और कांग्रेस ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।'
घनश्याम सिंह का बीजेपी पर हमला
कांग्रेस प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के दौरान गड़बड़ी कराने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता पूरी तरह कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब जनता एक बार फैसला कर लेती है तो कोई भी बड़ी गड़बड़ी चुनाव के नतीजों को प्रभावित नहीं कर सकती। अगर कहीं कोई छोटी-मोटी गड़बड़ी होती भी है तो उसका असर बहुत सीमित रहेगा। उन्होंने दावा किया कि मतदान से एक रात पहले कई जगहों से पैसे और शराब बांटने की शिकायतें मिली थीं। उनके अनुसार, इन शिकायतों की जानकारी लगातार प्रशासन को दी गई और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी रात सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं ने ऐसे लोगों को वहां से भगा भी दिया।
घनश्याम सिंह की जनता से खास अपील
बसई के एक मतदान केंद्र पर उनके पोलिंग एजेंट को बैठने से रोके जाने की खबर पर घनश्याम सिंह ने कहा कि यह केवल तकनीकी मामला है। उन्होंने बताया कि उनका पोलिंग एजेंट सुबह 7 बजे के बाद मतदान केंद्र क्रमांक-169 पर पहुंचा था, इसलिए पीठासीन अधिकारी उसे एजेंट के रूप में बैठाने से मना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों से बात करेंगे और मामला जल्द सुलझ जाएगा। मतदाताओं से अपील करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि सभी लोग बड़ी संख्या में मतदान करें। कांग्रेस के पक्ष में वोट दें और बीजेपी सरकार के अहंकार को खत्म करने में सहयोग करें।
जीतू पटवारी के समर्थन में घनश्याम सिंह
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी आरोप लगाए थे। अब इन आरोपों का समर्थन करते हुए घनश्याम सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार का पूरा मंत्रिमंडल दतिया में डेरा डाले हुए था। उनका आरोप था कि बीजेपी ने बाहर से भी कई लोगों को बुलाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता 28 जुलाई की शाम को ही दतिया से निकल गए थे, लेकिन जिले की सीमाओं पर अब भी कई वरिष्ठ बीजेपी नेता मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि बाहर से आए बीजेपी नेताओं को नहीं हटाया गया तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी दतिया पहुंचेंगे।
घनश्याम सिंह ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
दतिया विधानसभा के 18 संवेदनशील मतदान केंद्रों को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर भी घनश्याम सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी बाहर से गुंडों और असामाजिक तत्वों को बुलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर सकती है। हालांकि उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह सतर्क हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि जनता भी जागरूक है। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसी कोशिश करेगा तो पूरा गांव उसके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। अपने ऊपर लगाए जा रहे 'बाहरी उम्मीदवार' होने के आरोपों का भी उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे बाहरी बताया जा रहा है, जबकि दतिया में मेरा भी किला है और सेवढ़ा में भी मेरा किला है।'
दतिया उपचुनाव में दलों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
वहीं बीजेपी प्रत्याशी अशुतोष तिवारी ने दावा किया कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और क्षेत्र की समग्र प्रगति के लिए बीजेपी के पक्ष में मतदान कर रही है। अशुतोष तिवारी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'जीतू पटवारी अब राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो चुके हैं, जो नेता खुद 35 हजार वोटों से चुनाव हार चुका है। वही आज कांग्रेस का नेतृत्व कर रहा है।' दतिया उपचुनाव के दौरान दोनों प्रमुख दलों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं, जहां कांग्रेस ने चुनाव में गड़बड़ी, पैसे और शराब बांटने तथा बाहरी लोगों को बुलाने के आरोप लगाए हैं। वहीं बीजेपी ने विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता का समर्थन मिलने का दावा किया है। अब सभी की नजर मतदान के नतीजों पर टिकी है।
ये भी पढ़ें - जैसे रावण ने सीता का हरण किया था, इंदौर में वैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी का ‘हरण’ हुआ: जीतू पटवारी