1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, वर्दी फाड़ी, 8 कर्मचारी घायल

वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, वर्दी फाड़ी, 8 कर्मचारी घायल

खंडवा जिले की गुड़ी फॉरेस्ट रेंज में बड़ा विवाद हुआ है। आमाखुजरी के रिजर्व फॉरेस्ट में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला किया।

Mp News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INDIA TV वन विभाग की टीम पर हमला

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की गुड़ी फॉरेस्ट रेंज एक बार फिर विवादों में है। आमाखुजरी के रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम का अतिक्रमणकारियों से आमना-सामना हो गया। इस दौरान उन पर हमला किया गया और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें भीड़ ने वनकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें नुकसान पहुंचने की कोशिश भी की। लड़ाई इतनी आगे बढ़ गई कि विवाद खड़ा हो गया। 

वन भूमि खाली कराने पहुंची विभाग की टीम पर हमला

भीड़ ने वन विभाग की टिम पर गोफन और पत्थरों से हमला किया। इस घटना में 8 वनकर्मी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि अतिक्रमणकारियों ने कई हेक्टेयर रिजर्व वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई कर अवैध रूप से खेती योग्य जमीन तैयार कर ली थी। इसी अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां के लोगों ने वनकर्मियों की टीम पर हमला कर दिया।

पथराव और धक्का-मुक्की में वनकर्मी घायल

इस घटना को वहां मौजूद कुछ घायल वनकर्मी ने फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब एक वनकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हलचल मचा दी है। वीडियो में वह इमोशनल होकर कहता है कि '20 हजार रुपये की नौकरी में हर दिन जान जोखिम में डालनी पड़ती है। यदि प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग नहीं मिला तो जंगलों को बचाना मुश्किल हो जाएगा।' इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे वहां के लोग वनकर्मी पर हमला कर रहे हैं और वन विभाग की टीम खुद का बचाव करते दिखाई दे रही है।

अतिक्रमण को लेकर उठे कई सवाल

घटना ने वनकर्मियों की सुरक्षा और वन भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।

(रिपोर्ट: प्रतीक मिश्रा)

ये भी पढे़ं- अतिक्रमण हटाने गए पोकलैंड पर ही गिर गया पूरा मकान, आसमान में उठा धूल का गुबार; VIDEO कर देगा हैरान

वन विभाग के कर्मचारियों को बाघ पकड़ने वाले पिंजरे में किया बंद, ग्रामीणों का अनोखा विरोध प्रदर्शन