1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 20 रुपये में 7 मोमोज देने पर छात्र ने पूछा सवाल, तो भड़का ठेले वाला; चेहरे पर फेंक दिया कढ़ाई का खौलता तेल

20 रुपये में 7 मोमोज देने पर छात्र ने पूछा सवाल, तो भड़का ठेले वाला; चेहरे पर फेंक दिया कढ़ाई का खौलता तेल

कम मोमोज मिलने पर छात्र ने ठेले वाले से सवाल किया, जिसके धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। इसके बाद ठेले वाले ने कढ़ाई का खौलता तेल छात्र पर फेंक दिया।

छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के हजीरा थाना क्षेत्र में 20 रुपये के 7 मोमोज देने को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में मोमोज विक्रेत ने 18 साल के छात्र पर कढ़ाई का खौलता तेल फेंक दिया। गर्म तेल से छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसका इलाज जारी है। मामले में हजीरा पुलिस ने ठेला संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ मोमोज खाने पहुंचा था छात्र

जानकारी के अनुसार, हजीरा थाना क्षेत्र के रेशम मिल प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया रविवार शाम अपने दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित 'अंकित मोमोज' के ठेले पर पहुंचा था। शिवा ने वहां 20 रुपये के मोमोज खरीदे। प्लेट में 7 मोमोज थे। मोमोज कम लगने पर शिवा ने ठेला संचालक अंकित से पूछा कि इतने कम मोमोज क्यों दिए।

कहासुनी के बाद गर्म तेल फेंकने का आरोप

जानकारी के अनुसार, मोमोज की मात्रा को लेकर पूछे जाने पर अंकित नाराज हो गया। आरोप है कि उसने शिवा के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी दौरान अंकित ने कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल उठाकर शिवा पर फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से शिवा का चेहरा और कान झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सीएसपी हेडक्वार्टर ग्वालियर रॉबिन जैन ने बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर ठेला संचालक अंकित के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इससे पहले, भोपाल से मोमोज ठेले पर एक पति-पत्नी की लड़ाई का वीडियो सामने आया था। दरअसल, मोमोज के ठेले पर पति ने पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मामला गाली-गलौज से भी आगे निकल गया। पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

(रिपोर्ट- भूपेंद्र भदौरिया)

ये भी पढ़ें-

महाराष्ट्र में 3 IAS अधिकारियों का तबादला, संजय खंडारे बने वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव

सूखे के खतरे के बीच महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, 16 अक्टूबर से 10% पानी की कटौती लागू