मध्यप्रदेश के इंदौर में एमआईजी पुलिस ने चर्चित विष्णु उस्ताद हत्याकांड के आरोपी रहे पवित्र प्रधान के बेटे हितेश प्रधान को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हितेश प्रधान पर एक 16 वर्षीय किशोरी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। लड़की की शिकायत के बाद पहले हितेश प्रधान के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए बयान में पीड़िता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
एमआईजी थाने पर 16 वर्षीय किशोरी ने हितेश प्रधान के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के दौरान मामला छेड़छाड़ का दर्ज किया गया था। हालांकि, बाद में न्यायालय में धारा 183 बीएनएसएस के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए बयान में पीड़िता ने दुष्कर्म की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़कर कार्रवाई की।
पहले से हितेश पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं
पुलिस के अनुसार, आरोपी हितेश प्रधान के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर है। लसूड़िया थाने में हितेश के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज है, जबकि एमआईजी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत भी प्रकरण कायम है। इसके अलावा अवैध हथियार रखने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामलों में क्राइम ब्रांच भी उससे पूछताछ कर चुकी है। यही नहीं, कार्रवाई के दौरान हथियार सप्लाई से जुड़े नेटर्क की भी जांच हुई थी।
पिता हत्या का रहा आरोपी
गौरतलब है कि हितेश प्रधान का नाम पहले से चर्चित विष्णु उस्ताद हत्याकांड के आरोपी पवित्र प्रधान के बेटे के रूप में सामने आता रहा है। अब नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई होने से मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पीड़िता के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट, मेडिकल टेस्ट और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। वहीं पुलिस हितेश से भी लगातार पूछताछ कर रही है और आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः मप्र में शर्मनाक घटना, विवाहेतर रिश्ते के शक में महिला-पुरुष को बांधकर घुमाया, तीन परिजनों पर केस