मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित सीमेंट से भरे ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
कहां का पूरा मामला
बालाघाट के भरवेली थाना क्षेत्र में ग्राम मानेगांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। तीनों माईंस भरवेली में काम करने जाते थे। ये तीनों युवक बाइक से भरवेली की ओर आ रहे थे और सीमेंट से भरा ट्रक बैहर की ओर जा रहा था। आमने-सामने की हुई भीड़ंत में 1 युवक की मौके पर मौत हो गई थी और अन्य गंभीर रूप से घायल थे। लेकिन उपचार के दौरान आज दूसरे दिन उन दोनों की भी मौत हो गई। बता दें कि रात में जब एक्सीडेंट हुआ तब तक उनकी पहचान नहीं हुई थी। बाद में परिजन पहुंचे और पहचान कराई गई।
मृतकों की हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक मृतक गोंविद मर्सकोले उम्र 41 वर्ष, प्रकाश चौरे उम्र 42 वर्ष और धानेश्वर मर्सकोले उम्र 23 वर्ष तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। गोंविद मर्सकोले माईंस में काम करते थे और प्रकाश चौरे व धानेश्वर मर्सकोले माईंस में मजदूर थे। तीनों बाईक से चाय-नाश्ता करने के लिये धनसुआं गए थे। जहां से रात साढ़े 8 बजे लौट रहे थे। तभी सीमेंट से भरे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और बाइक चला रहे गोंविद मर्सकोले को लगभग 50 मीटर तक घसीटता गया। जिससे गोंविद की मौके पर मौत हो गई थी। लेकिन प्रकाश व धानेश्वर गंभीर रूप से घायल हुए थे जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। धानेश्वर ने नागपुर ले जाये जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि प्रकाश चौरे की जिला अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने तीनों के शव का पोस्टमार्टम कराया और शव उनके परिजनों को सौंप दिया है। बता दें कि धानेश्वर मर्सकोले अविवाहित था जबकि गोंविद और प्रकाश का विवाह हो चुका था। इस घटना के पश्चात पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
(रिपोर्ट - शौकत बिसाने)