1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दतिया में बड़ी कार्रवाई, 19 सालों से जमा कट्टे-बंदूकों को रोड रोलर से किया गया नष्ट; VIDEO आया सामने

दतिया में बड़ी कार्रवाई, 19 सालों से जमा कट्टे-बंदूकों को रोड रोलर से किया गया नष्ट; VIDEO आया सामने

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Malaika Imam
 Published : Jul 16, 2026 11:17 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 11:24 am IST

यह कार्रवाई दतिया पुलिस कंट्रोल रूम के सामने मुख्य सड़क पर की गई। सभी अवैध हथियारों को सड़क पर बिछाया गया और फिर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

अवैध हथियारों पर चला रोड रोलर- India TV Hindi
अवैध हथियारों पर चला रोड रोलर Image Source : REPORTER INPUT

Highlights

  • 19 सालों से जब्त अवैध हथियारों पर चला रोड रोलर
  • आपराधिक मामलों से जब्त किए गए थे ये हथियार
  • अवैध हथियारों को सड़क पर बिछाकर किए गए नष्ट

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले पुलिस ने एक बड़ी और अनोखी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पिछले 19 सालों से थानों में जमा 628 अवैध हथियारों को बीच सड़क पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। बुधवार को हुई इस कार्रवाई को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सड़क पर बिछाए हथियार, फिर चलाया भारी रोलर

यह पूरी कार्रवाई दतिया पुलिस कंट्रोल रूम के सामने मुख्य सड़क पर की गई। साल 2007 से लेकर अब तक अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए सभी 628 हथियारों को सड़क पर कतार से बिछाया गया। इसके बाद उनके ऊपर भारी-भरकम रोड रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया गया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस ने इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई।

कोर्ट का आदेश मिलने के बाद हुई कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए भांडेर एसडीओपी पी.सी. यादव ने बताया कि ये सभी हथियार पिछले 19 वर्षों में जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज आपराधिक मामलों से जब्त किए गए थे। चूंकि इन सभी मामलों का कोर्ट से अंतिम निपटारा हो चुका था, इसलिए ये हथियार थानों के मालखानों में जमा थे। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद नियमानुसार इन्हें नष्ट किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का एक बड़ा फायदा यह होगा कि थानों के मालखानों में लंबे समय से घिरी जगह अब खाली हो सकेगी। इसके साथ ही जब्त हथियारों के रिकॉर्ड को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

दतिया में उपचुनाव, 30 जुलाई को वोटिंग 

बता दें कि दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग 30 जुलाई को होगी। इस उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। बीजेपी ने यहां से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारा है। 

2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को 7 हजार 742 मतों से शिकस्त दी थी। हालांकि, एक मामले में इसी वर्ष अप्रैल में भारती को अदालत द्वारा 2 साल की सजा सुनाई गई और उनकी सदस्यता चली गई, जिसके बाद इस सीट पर चुनाव हो रहे हैं। इससे पहले साल 2008, 2013 और 2018 के चुनावों में लगातार तीन बार बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा यहां से चुनाव जीतकर विधायक बने थे।

ये भी पढ़ें-

खेल के मैदान में राजा भैया का जलवा, यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता मेडल; देखें VIDEO

"मैं तब तक जिंदा रहूंगी, जब तक आपका अंत न देख लूं", एज-शेमिंग को लेकर BJP पर भड़कीं ममता बनर्जी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।