1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'धर्मांतरण के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ, हिंदू राष्ट्र होकर रहेगा भारत', मैहर में बोले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

'धर्मांतरण के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ, हिंदू राष्ट्र होकर रहेगा भारत', मैहर में बोले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 23, 2026 06:10 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 06:10 pm IST

धर्मांतरण को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है। मैहर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के लिए बहुत ज्यादा लोग प्रयासरत हैं, विदेशी ताकतें प्रयासरत हैं। अब धर्मांतरण देश में नहीं चलेगा। हिंदू एक होकर के रहेगा और भारत हिंदू राष्ट्र होकर के रहेगा।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर दिया बयान।- India TV Hindi
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर दिया बयान। Image Source : REPORTER INPUT

मैहर: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार को मां शारदा के दर्शन करने मैहर पहुंचे। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सनातन धर्म और धर्मांतरण के मुद्दे पर अपनी बात रखी। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये ताकतें जगह-जगह अलग-अलग तरीकों से फंडिंग कर रही हैं। उन्होंने हिंदुओं को बरगलाने और धर्मांतरण कराने वालों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोगों की ठठरी बरेगी, गठरी बरेगी, जो हिंदुओं को बहकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में धर्मांतरण नहीं चलेगा और भारत हिंदू राष्ट्र होकर रहेगा। इसमें किंचित मात्र भी संदेह नहीं है।

हिंदू एकता से जुड़ी यात्रा पर बोले पंडित शास्त्री

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, "सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा हमारी वैचारिक यात्रा है। यह राजनैतिक यात्रा नहीं, अपितु राम नैतिक यात्रा है। राम नैतिक यात्रा का मतलब है राम से जोड़ना, राम की विचारधारा से लोगों को जोड़ना, एकजुट रखना। जैसे भगवान राम ने भेदभाव, छुआछूत मुक्त करके सब समाज को एकत्रित करके एक साथ सबको लिया। क्या नर, क्या वानर सबको संगठित किया। हम भी वही भेदभाव, छुआछूत मुक्त समाज चाहते हैं। हरि को भजे सो हरि को होई, जात पात पूछे नहीं कोई।" 

उन्होंने आगे कहा, "इस सिद्धांत के साथ हमारी यह सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा सदैव यत्र तत्र चलती रहती है और हमारा उद्देश्य है हिंदू एक होगा। जिस दिन भारत से सनातन मिट जाएगा, भारत का अस्तित्व भी मिट जाएगा। वर्तमान परिस्थिति बहुत विकट है। समस्याएं बहुत विकट हैं। इस विकट परिस्थितियों में हमें विदेशी हाथों के चंगुल में फंसकर के देश में दंगा, फसाद, उन्माद नहीं करना है। देश के साथ रहना है, देश की सेना के साथ रहना है। देश में शांति बनाए रखना बहुत आवश्यक है, वरना विदेशी ताकतें हमारे भारत का उपहास उड़ाएंगी और विदेशी ताकतें भारत के अंदर गृह युद्ध करवाएंगी।"

जातिगत भेदभाव पर दिया संदेश

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, "ये जातिगत करने वाले सिर्फ राजनीतिक लोग होते हैं। राजनीति रोटियां सेंकने के लिए, अपने मंसूबे पूर्ण करने के लिए इस प्रकार के बयान अथवा भाषण देते हैं। उनसे भी हम यही कहेंगे कि देखो, आपकी राजनीति ठीक है, राजनीति करना ठीक है, राजनीति बुरी नहीं है। आप अपना कार्य करिए। लेकिन एक बात कह रहे हैं कि हम लोगों को बांटिए मत। हम लोगों को भेदभाव में जातियों के नाम पर हम लोगों को लड़ाइए मत। अगड़े और पिछड़े के नाम पर हम लोगों को भिड़ाए मत। इससे देश में गृह युद्ध होगा और राजनेता वही कुशल है जो देश के लिए जिए। राजनेता वही कहा जाएगा जो राष्ट्र के लिए जिए।"

धर्मांतरण के मामले पर बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

धर्मांतरण के मामलों को लेकर पूछे गए सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, "अभी सुप्रीम कोर्ट ने एक बहुत अच्छा आदेश पारित किया है कि जो भी धर्मांतरण करेगा, वो आरक्षण अथवा जो भी उनके पास में ताकत है, उस सामर्थ्यता से विलग कर दिया जाएगा। उसके लिए सुप्रीम कोर्ट को बहुत-बहुत धन्यवाद। धर्मांतरण के लिए बहुत ज्यादा लोग प्रयासरत हैं, विदेशी ताकतें प्रयासरत हैं। उसमें PFI फंड भी है। उसमें विदेशी ताकतें हैं, जो यत्र-तत्र लग करके हमारे हिंदुओं को बरगलाते हैं, बहकाते हैं। हम यही कहेंगे कि तुम्हारी ठठरी भी बरेगी, गठरी भी बरेगी। अब धर्मांतरण देश में नहीं चलेगा। हिंदू एक होकर के रहेगा और भारत हिंदू राष्ट्र होकर के रहेगा। इसमें किंचन मात्र संदेह नहीं।" (इनपुट- अमित त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें-

'चाय, समोसा, रस मलाई, सारे माफिया अपने भाई', यूपी के 15 जिलों में लगे पोस्टर, सपा पर निशाना; बढ़ा सियासी पारा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।