1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर हो सख्ती, CM डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश

मध्य प्रदेश में कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर हो सख्ती, CM डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश

 Reported By: Anurag Amitabh,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 22, 2026 11:18 pm IST,  Updated : Oct 22, 2026 11:18 pm IST

CM डॉ. मोहन यादव ने तीज-त्योहारों और सामाजिक एवं धार्मिक मेलों के दौरान सभी कलेक्टर्स-एसपी से विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने ये भी कहा कि एमपी में कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

CM Mohan Yadav- India TV Hindi
CM डॉ. मोहन यादव। Image Source : REPORTERS INPUT

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित किया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि आगामी तीज-त्योहारों और सामाजिक एवं धार्मिक मेलों के दौरान सभी कलेक्टर्स-एसपी विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि त्योहारों के दौरान कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का उपयोग नहीं हो, क्योंकि लोकल मेड कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप मानवों के लिए बेहद खतरनाक होती हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की अवैध बिक्री पर रोक लगाएं। कहीं भी और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनने पाए। किसी जिले में यदि किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति बनेगी, तो इसके लिए कलेक्टर और एसपी ही जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि तीज-त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर रखने की सभी तैयारियां अभी से कर लें। सुरक्षा और आकस्मिक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर आपसी सामंजस्य से काम करें।

सीएम ने दिए तीज-त्योहारों पर कानून-व्यवस्था की बेहतर तैयारी के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बीते बुधवार को मंत्रालय से सभी कलेक्टर्स, कमिश्नर्स और एसपी-आईजी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य सरकार की सभी फ्लैगशिप स्कीम्स एवं विकास कार्यक्रमों के फील्ड में क्रियान्वयन का फीडबैक लिया और आगामी माहों में सभी तीज-त्योहारों में कानून-व्यवस्था की बेहतर से बेहतर तैयारी रखने के निर्देश भी दिए।

महिलाओं की सुरक्षा पर दिया जाए विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने त्योहारों और सामाजिक मेलों के आयोजन के संदर्भ में कलेक्टर-एसपी को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने जिलों में संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं। कहीं भी किसी भी प्रकार की सामाजिक/साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए, सभी आवश्यक प्रतिबंधात्मक एवं सुरक्षा कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें। इन स्थानों पर नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

पटाखों की दुकानों का लाइसेंस जारी करते वक्त हो सभी जरूरी शर्तों पालन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पटाखों की दुकानों का लाइसेंस जारी करते समय सभी जरूरी शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। विक्रेताओं की दुकानों का भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण भी किया जाए। किसी भी स्थान पर विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण न होने दें। अवैध भंडारण पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और प्रतिबंधित पटाखों के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं उपयोग पर भी प्रभावी रोक लगाई जाए।

कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल सख्ती से लगे रोक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं एवं संभावित जनहानि के मद्देनजर इनके उपयोग पर सख्ती से रोक लगाएं। दीपावली के दौरान संवेदनशील स्थलों पर अग्निशमन वाहनों, अग्निशमन उपकरणों एवं प्रशिक्षित स्टॉफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निकटवर्ती अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को पूर्व से अलर्ट रखा जाए और चिकित्सकों की ड्यूटी तय कर दी जाए। शहर और कस्बों के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कार्बाइड गन का इस्तेमाल कितना खतरनाक?

कार्बाइड गन के उपयोग की प्रक्रिया में पानी के संपर्क में आने पर कैल्शियम कार्बाइड से निकलने वाली एसीटिलीन गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है, जो थोड़ी सी चिंगारी से भी विस्फोट कर सकती है। इस विस्फोट में छोटे-छोटे प्लास्टिक और धातु के कण बाहर निकलकर आंखें, चेहरे और त्वचा को गंभीर रूप से घायल कर देते हैं। एसीटिलीन गैस के जलने से त्वचा पर झुलसने या आग लगने का खतरा रहता है। एसिटिलीन गैस आंखों एवं त्वचा के लिए बेहद हानिकारक होती है। इस संबंध में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2025 में एक एडवाइजरी भी जारी की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।