1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. धार के कुक्षी में भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को मारी टक्कर, 4 किलोमीटर दूर तक घसीटा

धार के कुक्षी में भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को मारी टक्कर, 4 किलोमीटर दूर तक घसीटा

 Reported By: Anurag Amitabh,  Edited By: Priya Shukla
 Published : Oct 23, 2026 12:54 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 12:54 pm IST

धार जिले के कुक्षी के सुतार मोहल्ला में एक तेज रफ्तार कार ने पिता-पुत्र को टक्कर मार दी और फिर बोनट पर लटके पिता-पुत्र को करीब 4 किलोमीटर तक घसीटता रहा। ग्रामीणों ने किसी तरह कार का पीछा करके कार रुकवाई और उसके बाद ड्राइवर को जमकर पीटा।

mp news- India TV Hindi
धार में कार चालक ने पिता-पुत्र को मारी टक्कर। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के धार जिले में कुक्षी के सुतार मोहल्ला क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने पिता-पुत्र को टक्कर मार दी और फिर चार किलोमीटर तक पिता-पुत्र को घसीटता रहा। पहले तो चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मारी और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से पिता-पुत्र को कार के बोनट पर करीब 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने 4 किलोटमीटर तक कार चालक का पीछा किया और गाड़ी रुकवाई। पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

गाड़ी ठीक से चलाने को कहने पर भड़का कार चालक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी बाबूलाल निवासी सिर्वी मोहल्ला, खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना 21 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे की है। बाबूलाल पैदल ही कॉलोनी के पास अपने खेत की तरफ जा रहे थे। जब वे वार्ड क्रमांक 02 की मुख्य रोड सुतार मोहल्ला पहुंचे, तो कॉलोनी की तरफ से आ रही कार क्रमांक MP13-ZL-8063 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हालांकि, हादसे में बाबूलाल बच गया और जब उसने कार चालक से गाड़ी ठीक से चलाने को कहा तो कार चालक भड़क उठा।

विवाद बढ़ने पर दिया खौफनाक अंजाम

टक्कर लगने के बाद जब बाबूलाल ने चालक से ठीक से गाड़ी चलाने को कहा, तो आरोपी कार से नीचे उतरा और उनके साथ मारपीट करने लगा। इतने में बाबूलाल का बेटा भारत भी मौके पर पहुंच गया। जब भारत ने आरोपी की हरकत का फोटो खींचने की कोशिश की, तो गुस्साए चालक ने गाड़ी को फुल रेस में आगे बढ़ा दिया। जान से मारने की नीयत से मारी गई इस टक्कर से पिता और पुत्र दोनों कार के बोनट पर जा गिरे। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें बोनट पर ही घसीटते हुए करीब 4 किलोमीटर तक आगे ले गया। पीड़ित लगातार चिल्लाकर गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे, लेकिन चालक अनसुना करता रहा।

घायलों ने दर्ज कराई रिपोर्ट

रास्ते में पीड़ित के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र पिता ओंकारजी काग, जयदीप गुंजाल और अन्य कई लोग पीछे से आए और उन्होंने लोनी फाटा के पास कार को रुकवाकर किसी तरह दोनों की जान बचाई। घटना में बुजुर्ग बाबूलाल के सीधे हाथ की उंगलियों, पंजे, सीधे पैर के घुटने और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनके बेटे भारत के दाहिने हाथ की कलाई, पहली उंगली और बाएं घुटने पर चोटें लगी हैं। घटना के बाद घायलों ने थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ेंः महाकाल मंदिर की सुरक्षा परखने के लिए चला ऑपरेशन, NSG कमांडो का चला अभ्यास, रात 2 बजे हुई मॉक ड्रिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।