1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. अलीराजपुर में मानवता शर्मसार! विधवा महिला से डकैती के बाद सामूहिक दुष्कर्म, गंभीर हालत में इंदौर की गई रेफर

अलीराजपुर में मानवता शर्मसार! विधवा महिला से डकैती के बाद सामूहिक दुष्कर्म, गंभीर हालत में इंदौर की गई रेफर

मध्यप्रदेश के अलीराजपुर से एक बेहद गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जहां कुछ बदमाशों ने लूटपाट के बाद विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

mp news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV अलीराजपुर में लूटपाट के बाद महिला से सामूहिक दुष्कर्म।

मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ डकैती और सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। वारदात शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जहां कुछ बदमाशों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर लूटपाट कर घर को अस्त-व्यस्त कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फरार हो गए। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाश

जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 6 हथियारबंद बदमाश विधवा महिला के घर का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए, जिसके बाद बदमाशों ने महिला को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने महिला पर 8 किलोग्राम चांदी छिपाने का आरोप लगाया, भय के कारण महिला ने अपने पास रखी करीब 1 किलोग्राम चांदी बदमाशों को सौंप दी, लेकिन आरोपी 8 किलोग्राम चांदी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद उन्होंने पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और चांदी की तलाश में घर के भीतर कई स्थानों पर खुदाई भी की।

लूटपाट के बाद महिला के साथ दुष्कर्म

पीड़िता के आरोप के अनुसार, मनचाही चांदी नहीं मिलने पर 6 आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान महिला को गंभीर शारीरिक चोटें आईं, जिनमें गुप्तांग पर गंभीर चोट भी शामिल है। घटना के बाद महिला को बोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी लेकर जांच के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

डकैती और सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया ने बताया कि मामले में डकैती, सामूहिक दुष्कर्म तथा अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

(रिपोर्ट- सचिन जोशी)

ये भी पढ़ेंः गांव में सड़क नहीं, एंबुलेंस फंसी तो गर्भवती महिला को चादर के झूले पर अस्पताल ले गए परिजन, वीडियो वायरल
मातम में बदलीं खुशियां, बारातियों से भरी पलटी पिकअप, हादसे में दो की मौत और 15 घायल