मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसका लाइव वीडियो पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। एरोड्रम थाना क्षेत्र के नगीना नगर में अपने घर के बाहर शांति से साइकिल चला रहे 13 वर्षीय मासूम हर्ष नामदेव को एक अनियंत्रित और बेहद तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर लगते ही बच्चा हवा में उछलकर कई फीट दूर जाकर गिरा। इस दर्दनाक हादसे में मासूम हर्ष को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सामने आए वीडियो में देख सकते हैं कि बच्च बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे लोगों ने सहारा देकर उठाया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और बच्चे का इलाज
हादसे के ठीक बाद मौके पर संवेदनशीलता देखने को मिली। दुर्घटना को अंजाम देने वाले बाइक सवार और वहां मौजूद स्थानीय निवासियों ने बिना वक्त गंवाए मासूम को संभाला। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। इस अचानक हुई घटना से पीड़ित परिवार समेत पूरे नगीना नगर इलाके के लोग गहरे सदमे और आक्रोश में हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का सबब बन रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले बाइक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और उसी के आधार पर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि रिहायशी इलाके में इस तरह लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। इस मामले में सख्ती से कार्रवाई करने की भी बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।
रिपोर्ट- भरत पाटिल
ये भी पढ़ें: पहले पीटा, फिर जबरन पिलाया डिटर्जेंट, छतरपुर में नवविवाहिता की मौत के बाद सामने आई ससुराल वालों की हैवानियत