1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बीजेपी नेता के भतीजों की हत्या के 2 आरोपियों को पुलिस ने पैर में गोली मारी, हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती

बीजेपी नेता के भतीजों की हत्या के 2 आरोपियों को पुलिस ने पैर में गोली मारी, हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Sep 27, 2026 10:33 am IST,  Updated : Sep 27, 2026 10:33 am IST

नीलगंगा थाना क्षेत्र के चर्चित गोरकर बंधु दोहरे हत्याकांड में पुलिस को सफलता मिली है। घटना के बाद से ही फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

बीजेपी नेता के भतीजों की हत्या के 2 आरोपी- India TV Hindi
बीजेपी नेता के भतीजों की हत्या के 2 आरोपी Image Source : STRINGER INPUT

मध्य प्रदेश के उज्जैन से डबल मर्डर का केस सामने आया है, जिसने सभी को अंदर से हिलाकर रख दिया। अब इस दोहरे हत्याकांड में नया अपडेट सामने आए है। पुलिस ने चर्चित गोरकर बंधुओं के डबल मर्डर के मुख्य दो आरोपियों को करोहन गांव के पास एक छोटी सी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। भागने की कोशिश करते समय दोनों संदिग्धों के पैरों में गोली लगी और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके पहले भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जब उज्जैन में पासी गुट और गोरकर परिवार की पुरानी रंजिश के चलते नीलगंगा चौराहे पर देर रात गोलियां चली थी। इसमें भाजपा नेता के भतीजे की मौत हो गई थी।

भाजपा नेता के भतीजों की हत्या में 2 आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर

शनिवार को मिली पक्की जानकारी के आधार पर नीलगंगा पुलिस स्टेशन और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम ने उस इलाके में छापा मारा, जहां दोनों फरार आरोपी छिपे हुए थे। घिर जाने पर आरोपियों सोनू पासी और विजय सूर्यवंशी ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे दोनों अपराधियों के पैरों में चोट आई। इसके बाद घायल आरोपियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां वे पुलिस की निगरानी में इलाज करवा रहे हैं।

भाजपा नेता के भतीजे लोकेश-जय हत्याकांड मामला

यह घटना 18 जुलाई की रात की है, जब बीजेपी नेता दिलीप राव गोरकर के भतीजों लोकेश और जय गोरकर की नीलगंगा चौराहे के पास बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। ये हत्याएं गोरकर और पासी परिवारों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान हुईं। बताया जाता है कि यह झगड़ा एक पुरानी रंजिश का नतीजा था, जो होली के जश्न के दौरान एक महिला से जुड़े विवाद से शुरू हुई थी। लोकेश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि जय ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हमले में दिलीप राव गोरकर और उनके बेटे तपन समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए थे।

पुलिस की जांच जारी

हत्याओं के बाद पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए और फरार संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। हालांकि, कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन कुख्यात अपराधी रोशन पासी अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है। यह हत्याकांड उज्जैन के इस साल के सबसे चर्चित आपराधिक मामलों में से एक बन गया है।

(स्ट्रिंगर- प्रेम डोडिया)

ये भी पढ़ें - पासी गुट और गोरकर परिवार के विवाद ने लिया खूनी मोड़, नीलगंगा चौराहे पर फायरिंग में भाजपा नेता के भतीजे की गई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।