भारत और वेस्टइंडीज की टीम के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से हो रहा है, जिसमें दोनों टीमों के बीच में पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के आगाज होने से पहले वेस्टइंडीज टीम के कप्तान शे होप का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने यह माना कि टीम इंडिया को उनके घर पर मात देना आसान काम नहीं है। होप ने पहले वनडे मैच के एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह वनडे सीरीज उनकी टीम के लिए काफी मुश्किल रहने वाली है जिसमें उनकी कोशिश यहां के हालात को समझने के साथ खेलने की रहने वाली है।
आप सबसे अच्छी टीमों के खिलाफ खेलना चाहते हैं
शे होप ने भारतीय टीम के खिलाफ वनडे सीरीज को लेकर दिए बयान में कहा कि जब आप इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हैं, तो आप सबसे अच्छी टीमों के खिलाफ खेलना चाहते हैं। जब वह अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे हों, तो आपकी असली परीक्षा होती है। हम सच में इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और यह हमारे लिए बहुत रोमांचक सीरीज होने वाली है। भारत के घरेलू मैदान पर उनके खिलाफ खेलना हमेशा एक चुनौती होती है और हमें निश्चित रूप से इस चुनौती को समझना और अपनाना चाहिए। जब भी आप भारत आते हैं तो यह एक ऐसा दौरा होता है जिसका आप बेसब्री से इंतजार करते हैं। जब मैं अपने करियर की शुरुआत में था तब भी यह एक ऐसा दौरा था जिससे मुझे खुद से बहुत उम्मीदें थीं।
वेस्टइंडीज को अभी 2027 वनडे वर्ल्ड कप में पक्की करनी है जगह
साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज की टीम आईसीसी रैंकिंग के आधार पर अपनी जगह सीधी पक्की करने में कामयाब नहीं हो सकी, जिसके चलते उसे अब टूर्नामेंट में जगह बनाने की कोशिश में लगातार तीसरी बार फरवरी में क्वालीफायर खेलेगा। इस नजरिए से 2 बार की वर्ल्ड कप विजेता वेस्टइंडीज के लिए क्वालीफायर से पहले अपने तैयारियों को परखने के नजरिए से भी यह सीरीज काफी अहम रहने वाली है। अभी आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग में वेस्टइंडीज की टीम 10वें नंबर पर है और उनका प्रदर्शन भी पिछले एक साल में कुछ खास देखने को नहीं मिला है।
ये भी पढ़ें
IND vs WI: केएल राहुल 10000 रन की दहलीज पर, पहले वनडे में छू सकते हैं बड़ा मुकाम
यशस्वी जायसवाल को लेकर कोच ने दिया बेबाक बयान, कहा- उनके साथ नहीं हुई कोई नाइंसाफी