1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. राऊ में पुलिसकर्मी द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, DCP ने दिए जांच के आदेश

राऊ में पुलिसकर्मी द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, DCP ने दिए जांच के आदेश

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी को युवक की लाठी से पिटाई करते देखा जा सकता है। वीडियो इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसके सामने आने के बाद डीसीपी नरेंद्र रावत ने जांच के आदेश दिए हैं।

mp news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पुलिसवाले ने युवक की लाठी से की पिटाई।

मध्यप्रदेश के इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र से पुलिसकर्मी द्वारा एक युवक की लाठी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी युवक को लाठी से पीटता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला डीसीपी नरेंद्र रावत के संज्ञान में आया है। डीसीपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। वहीं, युवक ने पुलिसकर्मियों पर हर महीने 25 हजार रुपये मांगने और पैसे नहीं देने पर मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिसकर्मी ने लाठी से की युवक की पिटाई

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो राऊ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी एक युवक की लाठी से पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक पान की दुकान संचालित करता है। युवक ने आरोप लगाया है कि राऊ थाने में पदस्थ एएसआई अनुज कुमार झा और उनके ड्राइवर निलेश द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। युवक का दावा है कि पुलिसकर्मियों द्वारा उससे हर महीने 25 हजार रुपये की मांग की जाती थी और पैसे नहीं देने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

युवक ने पुलिसकर्मी पर यह भी आरोप लगाया है कि उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जाती थी। हालांकि, वायरल वीडियो और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। लेकिन, वीडियो के सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप जरूर मच गया है। पुलिस युवक के आरोपों और वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है और डीसीपी ने मामले के संज्ञान में आने के बाद जांच के आदेश दिए हैं।

डीसीपी ने दिए जांच के आदेश

वायरल वीडियो और युवक की ओर से लगाए गए आरोपों का मामला डीसीपी नरेंद्र रावत के संज्ञान में आने के बाद पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी ने पूरे मामले की जांच कर तथ्य सामने लाने और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः राजगढ़ में ड्यूटी पर तैनात पुलिसवाले के साथ मारपीट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, बाजार में निकाला जुलूस, लगवाई उठक-बैठक