मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर गणेश उत्सव के दौरान कुछ बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट कर दी और पैसे भी लूट लिए। ये सब तब हुआ जब प्रधान आरक्षक ने गणपति उत्सव के बीच हुड़दंग कर रहे दो बाइक सवार लोगों को रोकने की कोशिश की। इस पर बाइक सवारों ने प्रधान आरक्षक के साथ ही मारपीट कर दी और वर्दी फाड दी। यही नहीं बदमाशों ने पुलिसवाले की जेब में रखे 5000 नगद भी छीन लिए। प्रधान आरक्षक से मारपीट, लूट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले इन छह बदमाशों को पुलिस ने आज धर दबोचा और सबक सिखाने के लिए शहर में इनका जुलूस भी निकाला।
पुलिस ने निकाला बदमाशों का जुलूस
ड्यूटी पर तैनात एक प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ने, पैसे छीनने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले छह आरोपियों को राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार करके राजगढ़ शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों को सरे बाजार में घटनास्थल पर ले जाकर उठक बैठक भी लगाई और आरोपियों से 'जुर्म करना पाप है पुलिस हमारी बाप है' के नारे भी लगवाए। इसके बाद सभी आरोपियों से पुलिस ने उठक-बैठक भी करवाई और अपने किए के लिए सरे बाजार में माफी मंगवाई।
19 सितंबर की रात प्रधान आरक्षक से की थी मारपीट
मामला 19 सितंबर का है। प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा किला गेट में गणेश उत्सव की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुछ हुड़दंगी तेज रफ्तार से मोटर साइकिल दौड़ाने लगे। इस पर नंदकिशोर मीणा ने हुड़दंगियों को रोककर समझाने की कोशिश की, लेकिन इस पर बाइक सवार भड़क गए। कुछ देर बाद बाइक सवार एकजुट होकर वापस आए और ड्यूटी पर तैनात प्रधान आर क्षक के साथ मारपीट करने लगे। बदमाशों ने प्रधान आरक्षक को गाली भी दी और उनके पास रखी नकदी भी छीन ली।
6 आरोपी गिरफ्तार
प्रधान आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने 7 आरोपियों भारत सिंह तंवर, अनार सिंह तंवर, ललित तंवर , कालू तंवर, राकेश तंवर और धर्म तंवर के खिलाफ लूट, शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज, ऑन ड्यूटी पुलिसवाले के साथ मारपीट, धमकी और मोटर व्हीकल एक्ट सहित कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया, जिनमें से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जानकारी देते हुए टीआई मंजू मखेनिया ने कहा- 'यह घटना कल रात की है। कल रात हर झांकी पर पुलिस जवान तैनात था। इसी दौरान कुल सात लड़कों ने ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा के साथ मारपीट की और उनके पास रखे पैसे भी छीन लिए। जब हम आरोपियों को पकड़ कर लाए, सभी शराब के नशे में थे।'
(राजगढ़ से गोविंद सोनी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः ग्वालियर में गणेश महोत्सव का बैनर फाड़ने पर दो पक्षों में विवाद, तीन लड़के घायल, 7 आरोपियों पर केस दर्ज