युवक को पीटते हुए VIDEO किया वायरल, जमीन पर लिटाकर बरसाते रहे लात-घूंसे
जबलपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को तालिबानी सजा दी है। युवक को बेरहमी से पीटा और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को तालिबानी सजा दी है। युवक को बेरहमी से पीटा और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस प्रशासन के सामने एक नई चुनौती पेश कर दी है। घटना गोहलपुर थाना इलाके के चंडाल भाटा क्षेत्र की बताई जा रही है।
जमीन पर लिटाकर मारपीट की
जानकारी के अनुसार, कुछ बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को पहले निर्वस्त्र किया, फिर उसे जमीन पर लिटाकर मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने इस क्रूरता का वीडियो भी बनाया और उसे 'only surya malik shahar main' कैप्शन के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन से चार युवक पीड़ित को लात-घूंसे बरसाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस
युवक को तालिबानी सजा देने का वीडियो सामने आने के बाद जबलपुर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना गोहलपुर थाना इलाके के चंडाल भाटा क्षेत्र की है। पुलिस अब इन बदमाश तत्वों की पहचान करने के साथ-साथ उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
(रिपोर्ट- देबजीत देब)
ये भी पढ़ें-
JNU छात्र नजीब अहमद लापता केस हुआ बंद, कोर्ट ने CBI की क्लोजर रिपोर्ट को दी मंजूरी
