मध्य प्रदेश के खंडवा में पांच कुत्तों के झुंड ने छह साल के बच्चे पर हमला कर दिया। आवारा कुत्ते उसे खेत में घसीट ले गए। इस दौरान उसके सिर के सारे बाल नोच लिए। सर की चमड़ी भी गायब हो गई। हालांकि, समय रहते उसकी जान बचा ली गई। बच्चे की इंदौर में सर्जरी की गई है। वह 40 दिन तक अस्पताल में ही रहेगा। डॉक्टरों ने बच्चे के परिजनों को प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी है।
दिल दहला देने वाला मामला खंडवा के सुरगांव का है। भेरूखेड़ा का रहने वाला बच्चा अपनी बुआ के यहां गया था। यहीं आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। अब परिजनों को बच्चे की प्लास्टिक सर्जरी करानी होगी।
बच्चे को घसीटकर खेत में ले गए कुत्ते
जानकारी के अनुसार पांच कुत्तों ने 6 बरस के मासूम पर हमला बोल दिया। कुत्ते आदमखोरों की तरह बच्चे को घसीटकर खेत में ले गए और उसे नोचने लगे। बताया जा रहा है कि चिचगोहन की सरपंच आरती पटेल के बेटे को सुरगांव जोशी गांव में पांच कुत्तों ने नोंच लिया। इससे बच्चे के सिर की चमड़ी और बाल उखड़ गए। घटना 14 मई दोपहर की है। बच्चा कमजोर होने के कारण उसकी सर्जरी तीन दिन बाद शनिवार को इंदौर के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने की है। बच्चे के पिता अनिल पटेल ने बताया कि बेटा अवि बुआ के घर सुरगांव जोशी गया हुआ था। घटना वाले दिन वह दोपहर करीब 1 बजे घर से बाहर शौच के लिए गया था। कुछ दूरी पर ही उसे एक कुत्ते ने लपककर पकड़ लिया। पीछे चार अन्य कुत्ते भी आ गए। इस तरह पांच कुत्तों ने बच्चे के सिर में इस तरह कांटा की उसके सिर से चमड़ी सहित बाल निकल गए।
बुजुर्ग ने बचाई बच्चे की जान
गांव के एक बुजुर्ग ने किसी तरह पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया। इसके बाद हम बच्चे को अस्पताल ले गए। जहां से इंदौर रेफर कर दिया। बच्चा कमजोर है। उसकी चमड़ी भी कमजोर है, इसलिए सर्जरी के लिए निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने अमेरिका से सामग्री बुलवाई। ऑपरेशन के दौरान करीब चार लाख रुपए खर्च आ गया। अन्य खर्च अभी बाकी है। बच्चा ठीक हो जाए बस यही अपेक्षा है। लेकिन प्रशासन से यह मांग है, कि गांवों में सरपंचों को ऐसे अधिकार दिए जाएं जिनसे लावारिस कुत्तों को गांवों से बाहर किया जा सके।
(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
MP News: पेट्रोल-डीजल कम खर्च करने पर PM मोदी की नसीहत ना मानने वाले 7 BJP नेताओं को चेतावनी, पार्टी ने किया तलब
मध्य प्रदेश: तरबूज खाने के बाद पिता की मौत, बेटे की हालत गंभीर, मचा हड़कंप