भोपाल: पीएम नरेंद्र मोदी की ईंधन को मितव्ययिता से खर्च करने की अपील के बाद भी मध्य प्रदेश के निगम मंडलों में नियुक्तियां पाने वाले कुछ BJP नेताओं ने सैकड़ों वाहनों के साथ रैलियां निकाली हैं। नेताओं के इस शक्ति प्रदर्शन पर भोपाल से दिल्ली तक नाराजगी देखी गई है। जिसके बाद बीजेपी संगठन भी इन नेताओं पर सख्त नजर आ रहा है। भाजपा ने रैलियां और बड़े काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन करने वाले 7 नेताओं को नोटिस भेजकर आज (रविवार को) तलब किया है।
पार्टी लाइन से भटककर हुड़दंग और रैली करने वालों पर एक्शन
बीजेपी संगठन ने पार्टी लाइन से भटककर हुड़दंग और रैलियां निकालने वाले 7 बड़े नेताओं को भोपाल बुलाया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल खुद इन नेताओं की क्लास लेंगे। पार्टी ने जिन चेहरों को दिल्ली और भोपाल की नाराजगी का आईना दिखाया है, उनमें संगठन के कई रसूखदार नाम शामिल हैं। इसमें रेखा यादव, वीरेंद्र गोयल, पवन पाटीदार, पंकज जोशी, राकेश जादौन, टिकेंद्र प्रताप सिंह और सत्येंद्र भूषण हैं।
- रेखा यादव (अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग)
- वीरेंद्र गोयल (अध्यक्ष, सिंगरौली विकास प्राधिकरण)
- पवन पाटीदार (प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा ओबीसी मोर्चा)
- पंकज जोशी (अध्यक्ष, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड)
- राकेश जादौन (उपाध्यक्ष, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड)
- टिकेंद्र प्रताप सिंह (अध्यक्ष, किसान मोर्चा देवास)
- सत्येंद्र भूषण (अध्यक्ष, लघु उद्योग निगम)
अपना काफिला कम कर PM मोदी ने पेश की मिसाल
बता दें कि हाल ही में हैदराबाद की एक रैली में PM Modi ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल और गैस कम खर्च करने, और साथ ही अगले 1 साल तक सोना ना खरीदने की अपील की थी। इसके बाद, PM मोदी ने खुद सादगी और अनुशासन की मिसाल पेश की। उन्होंने अपने घरेलू दौरों और कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में सीमित सुरक्षा काफिले और कम वाहनों का प्रयोग किया। इसके बाद, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने भी ऐसा किया। लेकिन एमपी के इन 7 नेताओं ने ऐसा नहीं किया और अब इन्हें पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने भोपाल बुलाया है।
ये भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल-गैस का संयमित इस्तेमाल करें, पीएम मोदी की जनता से अपील