1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ग्वालियर हादसे पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP रवि भदौरिया को हटाया, 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

ग्वालियर हादसे पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP रवि भदौरिया को हटाया, 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 18, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Oct 18, 2026 02:54 pm IST

सीएम मोहन यादव के एक्शन पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर गाज गिरी है। सीएम ने कहा कि सरकार लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव- India TV Hindi
मुख्यमंत्री मोहन यादव Image Source : REPORTER INPUT

ग्वालियर जिले में हुए सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई की है। शीतला माता मंदिर के पास एक ट्रक कई लोगों को रौंदते हुए चला गया। इस हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। करीब 42 लोग घायल हो गए। इस हादसे को लेकर उन्होंने सीएसपी को हटा दिया है। इसके अलावा 3 थाना प्रभारियों, एक निरीक्षक यातायात, एक प्रधान आरक्षक और 3 आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले सीएम मोहन यादव ने सड़क हादसे में मृत लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी।  

रवि भदौरिया समेत इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने इस गंभीर घटना में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी, आरक्षक किशन खन्ना, आरक्षक अनिल जैतपुरिया और आरक्षक पवन सेंगर को निलंबित करने के भी निर्देश दिए। 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री यादव ने सोशल मीडिया पर आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

बाबा महाकाल से प्रार्थना

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की है।

भूपेंद्र भदौरिया कि रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

17 साल की छात्रा की मौत से मचा बवाल, परिजनों ने डॉक्टर को ठहराया जिम्मेदार, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।