मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंदिर के पास एक ट्रक कई लोगों को रौंदते हुए चला गया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस घटना में 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 42 लोग घायल हैं। ये भक्त विभिन्न गांवों से नवरात्रि पर माता शीतला के दर्शन करने के लिए आए थे। घायलों को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल पहुंचाया गया है।
यह हादसा शनिवार-रविवार की रात को हुआ। रात करीब डेढ़ बजे चीनौर से रोड से एक धान से भरा ट्रक मंदिर की ओर आया। पुलिस के बैरीकेट्स पर उसे रोकने की कोशिश भी हुई, लेकिन तेज रफ्तार वाला ट्रक बैरीकेट्स तोड़ते हुए मंदिर के मुख्य दरवाजे तक आ गया और वहां पर मौजूद भक्तों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे मंदिर के दरवाजे की दीवार टूटी और 50 से ज्यादा भक्त उसकी चपेट में आ गए।
ढलान से लुढ़कते हुए श्रद्धालुओं पर पलटा ट्रक
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे। चीनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर एक ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना मना है। रात करीब 1:30 बजे धान से भरा एक ट्रक वहां रुका। ट्रक ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिया, अचानक बेकाबू होकर नीचे की ओर आया और मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए, जिससे यह हादसा हुआ। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायलहुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। एसएसपी ने बताया कि कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 14 लोगों की मौत हो गई है। 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि नवरात्रि के दौरान सड़क पर लगे बैरिकेड्स और पुलिस चेकपॉइंट को पार करके ट्रक अंदर कैसे आ गया। उन्होंने कहा कि हमने ट्रक की मैकेनिकल जांच के लिए एक RTO टीम भी भेजी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या खराबी आई थी और ट्रक बाईं ओर कैसे मुड़ गया। उन्होंने कि घायलों के इलाज के लिए टीम लगातार CT स्कैन और X-रे कर रही है। घटना के एक चश्मदीद और एक घायल व्यक्ति के भाई ने बताया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था। ट्रक अचानक आया और उस पर से नियंत्रण खो गया, जिससे कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख जताया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख, गंभीर घायल के परिजनों को 2 लाख और मामूली घायल के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घायलों का बेहतर इलाज हो, इसको लेकर कलेक्टर को निर्देश दिए हैं।
ट्रक मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार
वहीं, पुलिस ने ट्रक मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर रास्ते से अनजान था। गूगल मैप के सहारे दोनों ट्रक चल रहे हैं। एक ट्रक घाटी पर ही रुक गया, आगे वाला ट्रक अनियंत्रित हो गया और श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया।
रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया