1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पुलिस हिरासत में, ड्रग्स केस में हुई कार्रवाई; कैसे फंसे?

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पुलिस हिरासत में, ड्रग्स केस में हुई कार्रवाई; कैसे फंसे?

इंदौर में ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। वहीं, ड्रग्स केस में भाई को हिरासत में लिए जाने पर जीतू पटवारी भड़क गए हैं।

jitu patwari nana patwari- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) जीतू पटवारी और नाना पटवारी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को आज इंदौर पुलिस ने हिरासत में लिया था। मामला ड्रग्स केस से जुड़ा है। राजेंद्र नगर पुलिस ने पूछताछ के बाद नाना पटवारी को छोड़ दिया। कल पुलिस ने 2 ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वो नाना पटवारी को ड्रग्स की डिलीवरी करने जा रहे थे जिसके बाद पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में ले लिया। जांच पूरी होने तक नाना पटवारी इंदौर छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर दोबारा पूछताछ के लिए राजेंद्र नगर थाने बुलाया जा सकता है।

भाई को हिरासत में लिए जाने पर भड़के जीतू पटवारी

भाई को हिरासत में लिए जाने पर जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के नाम एक पोस्ट लिखा है। इसमें जीतू पटवारी ने लिखा है कि बगैर सूचना दिए भाई को हिरासत में लेकर बीजेपी ने सियासी संदेश दिया है कि वो अब बदला ले रही है। जीतू पटवारी ने लिखा है, ''दुर्भावना के तहत मेरे परिवार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लेकिन हम ना डरेंगे, ना झुकेंगे, मजबूती से लड़ेंगे।''

गिरफ्तार हुए 2 ड्रग पेडलर्स ने लिया था नाम

बता दें कि राजेंद्र नगर पुलिस ने 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने नाना पटवारी और मानव गंगवानी का नाम लिया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। राजेंद्र नगर पुलिस ने सूचना के आधार पर इरफान खान उर्फ भोलू चंदेरेस और रानी उर्फ रानी भाई को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

नाना पटवारी पर पहले से दर्ज हैं 9 आपराधिक केस

DCP नरेंद्र रावत के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ नाना पटवारी और मानव गंगवानी को सप्लाई करने जा रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र नगर थाने में नाना पटवारी के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि इस प्रकरण में सामने आए अन्य तीन लोगों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस को सनशाइन कॉलोनी क्षेत्र में नाना पटवारी की गाड़ी भी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और जांच के बाद रवाना हुईं।

जीतू पटवारी के कानूनी सलाहकार ने क्या कहा?

वहीं, जीतू पटवारी के कानूनी सलाहकार जय हड़िया का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया है कि नाना पटवारी को स्पॉट वेरिफिकेशन और पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया है। उनके मुताबिक पुलिस ड्रग्स मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही है और यदि कोई संलिप्तता नहीं मिलती है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा। इधर, परिजनों ने सुबह नाना पटवारी के लापता होने की आशंका जताते हुए थाने में आवेदन भी दिया था। बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि नाना पटवारी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

(रिपोर्ट- भारत पाटिल)

यह भी पढ़ें-

जीतू पटवारी ने मोहन सरकार पर लगाया 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप, दिग्विजय सिंह ने दी क्लीन चिट

इंदौर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर डकैती की कोशिश, नकाबपोश बदमाशों का वीडियो आया सामने