मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 18 वर्षीय युवती ने अपने ही 30 वर्षीय चचेरे भाई पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, युवती ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को अपने सगे भाई से भी ज्यादा मानती थी। दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक संबंध होने के कारण आरोपी का घर में आना-जाना लगा रहता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ गलत हरकत की।
अकेलेपन का फायदा उठाया
पीड़िता के मुताबिक, करीब एक महीने पहले उसकी मां किसी काम से इंदौर गई हुई थी। घर में अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। युवती का आरोप है, कि इसके बाद आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। डर और बदनामी के कारण वह लंबे समय तक किसी को इस बारे में नहीं बता सकी।
कैसे हुआ खुलासा?
शिकायत के अनुसार, मानसिक तनाव और पीड़ा बढ़ने पर युवती ने आखिरकार अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की बात सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद परिजन युवती को लेकर पिपलोद थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने अब तक क्या किया?
पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। जिस व्यक्ति को युवती भाई मानकर भरोसा करती थी, उसी पर गंभीर आरोप लगने से परिवार सदमे में है। पुलिस का कहना है, कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (रिपोर्ट: प्रतीक मिश्रा)
ये भी पढ़ें- सुरक्षा के लिए ली थी लाइसेंसी बंदूक, उसी की गोली लगने से बीजेपी महिला नेता की हुई मौत
Video: कुत्ते ने 10 घंटे में 42 लोगों को काटा, CCTV में कैद हुआ आतंक, लोगों से सतर्क रहने की अपील