1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Video: कुत्ते ने 10 घंटे में 42 लोगों को काटा, CCTV में कैद हुआ आतंक, लोगों से सतर्क रहने की अपील

Video: कुत्ते ने 10 घंटे में 42 लोगों को काटा, CCTV में कैद हुआ आतंक, लोगों से सतर्क रहने की अपील

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 06, 2026 12:46 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 12:46 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्ता अलग-अलग इलाकों में लोगों को काट रहा है। वह किसी पर भौंक तक नहीं रहा। चुपचाप लोगों के पास जाता है उन्हें काटता है और आगे बढ़ जाता है।

Dog bite- India TV Hindi
इंदौर में आवारा कुत्ते का आतंक Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक आवारा कुत्ते ने 10 घंटे के अंदर 42 लोगों को काट लिया। इनमें 16 को अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया। इंदौर के सांवेर रोड इलाके में इस स्ट्रीट डॉग का आतंक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। सांवेर रोड क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग के हमले के कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। फुटेज में कुत्ता राह चलते लोगों पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। 

बताया जा रहा है कि कुत्ते ने करीब 8 किलोमीटर के इलाके में 10 घंटे तक आतंक मचाए रखा। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि सूचना मिलने के बाद नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से कई लोग कुत्ते का शिकार बने। फिलहाल इलाके में डॉग स्क्वायड द्वारा अभियान चलाया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

अरविंदो अस्पताल से रेनेसां कॉलेज तक आतंक

आवारा कुत्ते ने सांवेर रोड पर अरविंदो अस्पताल से लेकर एलएनसीटी कॉलेज, बरदरी गांव, रेवती रेंज और रेनेसां कॉलेज तक आतंक मचाए रखा। डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टूडेंट्स, मरीज, सिक्योरिटी गार्ड और आम राहगीर समेत अरविंदो अस्पताल में ही 16 से ज्यादा घायल इलाज करवाने पहुंचे। कुत्ता अस्पताल के पीछे से घुसा और स्टाफ पर हमला किया, फिर सड़कों पर घूमता रहा। कई सीसीटीवी वीडियो भी सामने आए है, जिसमें कुत्ते के हमले से लोग भागते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। देर रात तक कुत्ता पकड़ में नहीं आया था। नगर निगम की टीम पहुंची, लेकिन कई अन्य कुत्तों को पकड़ा गया।

इंदौर में रोजाना डॉग बाइट के 200 मामले

इंदौर में रोजाना 200 के करीब डॉग बाइट के केस आ रहे हैं। 2026 के पहले 3 महीनों में शहर में 13,000 से ज्यादा कुत्ते काटने के मामले दर्ज हुए। कुल संख्या 13,640 थी। इंदौर और आसपास आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से है। स्टेरलाइजेशन (नसबंदी) कार्यक्रम प्रभावी नहीं हो पा रहा है, जिससे शिकायतें बढ़ रही हैं। अप्रैल में महू तहसील के किशनगंज थाना क्षेत्र के केवटी गांव में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। एक पागल कुत्ते ने अचानक घर के बाहर बैठे लोगों पर हमला बोल दिया था। उसने 4 से 6 लोगों को काटा था। कुत्ते ने किसी की गर्दन पकड़ी, किसी के पैर और हाथ में काटा था। घायल एक ही परिवार के थे।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या, प्लेटफॉर्म पर उतार कर बेरहमी से पीटा

इंदौर: इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में आग, 20 लोग फंसे थे, पड़ोस के घर से सीढ़ी लगाकर बचाया

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।