1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या, प्लेटफॉर्म पर उतार कर बेरहमी से पीटा

ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या, प्लेटफॉर्म पर उतार कर बेरहमी से पीटा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 05, 2026 08:26 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 08:26 pm IST

ट्रेन में सीट को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। मामला बैतूल जिले का बताया जा रहा है। यहां ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

रेलवे स्टेशन पर युवक की हत्या।- India TV Hindi
रेलवे स्टेशन पर युवक की हत्या। Image Source : REPORTER INPUT

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रेन में सीट को लेकर यात्रियों के बीच हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने युवक को ट्रेन से खींचकर बाहर निकाला और उसे बेरहमी से पीटा, जिससे युवक की मौत हो गई। फिलहाल जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। 

ट्रेन में सीट को लेकर विवाद

जानकारी के मुताबिक बैतूल के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर रविवार की देर रात पेंचवेली एक्सप्रेस में ट्रेन की सीट को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। छिंदवाड़ा निवासी 25 वर्षीय अली खान की मौत के बाद जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अली खान अपने दोस्तों के साथ ट्रेन से भोपाल जा रहा था। यात्रा के दौरान सीट को लेकर एक अन्य यात्री से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।

दस-बारह लोगों ने की मारपीट

आरोप है कि ट्रेन के बोरदेही स्टेशन पहुंचने पर अली खान को नीचे उतारकर दस बारह लोगों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं एक यात्री जयंत विश्वकर्मा का कहना है कि हम चार लोग थे। पेंचवेली एक्सप्रेस से हम लोग भोपाल जा रहे थे। परासिया स्टेशन पर एक अंजान बंदा मिला और उससे सीट को लेकर बहस हुई। उसने बोरदेही स्टेशन पर अपने दस बारह साथियों को बुला लिया और वहां हमारे साथी को उतार कर पीटा। हम लोग जान बचा कर भागे।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। (इनपुट- मयंक भार्गव)

यह भी पढ़ें-

मंदिर के पास बेची गई 'Made In Pakistan' लिखी चादर, महिला ने VIDEO में बताई पूरी बात; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।