पटना: बिहार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बीजेपी ने बिहार में MLC प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। इस लिस्ट में 4 प्रत्याशियों के नाम हैं। इस लिस्ट में भोजपुरी एक्टर पवन सिंह और संजय मयूख का नाम भी शामिल है। बता दें कि MLC चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने 4 कैंडिडेट्स का ऐलान कर दिया है। भोजपुरी एक्टर पवन सिंह को बीजेपी ने विधान परिषद का उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा डॉक्टर संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित के नाम की घोषणा की गई है।
भोजपुरी एक्टर पवन सिंह को टिकट
इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम पवन सिंह का माना जा रहा है। पवन सिंह लंबे समय से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने का प्रयास कर रहे थे। बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2024 में पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट भी दिया था। हालांकि बाद में पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव न लड़ने का फैसला किया। उन्होंने आलाकमान से बिहार की ही किसी सीट से टिकट की मांग की थी। हालांकि बात नहीं बन पाने पर उन्होंने बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा। इस चुनाव में भी पवन सिंह को हार का सामना करना पड़ा था। एमएलसी प्रत्याशी बनाए जाने पर एक्टर पवन सिंह ने बीजेपी का आभार जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "भारतीय जनता पार्टी को मेरे ऊपर विश्वास जताने के लिए दिल से धन्यवाद एवं आभार।"
यहां देखें प्रत्याशियों की लिस्ट
बीजेपी ने बिहार में किए बड़े फेरबदल
इससे पहले बीजेपी ने बिहार प्रदेश इकाई में पिछले सप्ताह बड़ा फेरबदल किया था। बीजेपी ने कई प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की थी। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार 14 प्रदेश उपाध्यक्ष, 5 प्रदेश महामंत्री, 14 प्रदेश मंत्री, एक प्रदेश कोषाध्यक्ष, दो सह-कोषाध्यक्ष, एक प्रदेश मुख्यालय प्रभारी और एक कार्यालय मंत्री को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
बीजेपी ने प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर हरिभूषण ठाकुर बचौल, राकेश कुमार, संतोष पाठक, मनोज कुमार सिंह, अनामिका पासवान, रामा सिंह, पवन जायसवाल, प्रणव कुमार यादव, संतोष रंजन राय, नंद प्रसाद चौहान, अनिल ठाकुर, मुकेश शर्मा, शीला कुशवाहा और बलराम मंडल को नियुक्त किया गया है। वहीं, सरोज रंजन पटेल, धनराज शर्मा, प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक और राजोर झा (राजू झा) को प्रदेश महामंत्री बनाया गया।
भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने के लिए 14 नेताओं को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। विक्रम नारायण सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि राजेश सिन्हा और अंकुर गुप्ता को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। अक्षय कुमार को प्रदेश मुख्यालय प्रभारी तथा विनय केसरी को कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। (रिपोर्ट- देवेंद्र पाराशर)
यह भी पढ़ें-