1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. विधान परिषद चुनाव LIVE: यूपी-बिहार-महाराष्ट्र और कर्नाटक में वोटिंग जारी, जानिए कब आएंगे नतीजे?
  Live Now

विधान परिषद चुनाव LIVE: यूपी-बिहार-महाराष्ट्र और कर्नाटक में वोटिंग जारी, जानिए कब आएंगे नतीजे?

 Written By: Kajal Kumari
 Updated : Oct 23, 2026 10:01 am IST

बिहार, यूपी, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। बिहार और यूपी में इसे लेकर सियासत तेज है और फैसले पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी। जानें कब आएगा रिजल्ट?

चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर चुनाव- India TV Hindi
चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर चुनाव

विधान परिषद चुनाव LIVE: उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 विधान परिषद सीटों के लिए आज (23 अक्टूबर) सुबह आठ बजे से वोटिंग जारी है। इन सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। वोटिंग आज सुबह आठ बजे से शुरू हुई जो शाम चार बजे तक होगी। यूपी-बिहार-महाराष्ट्र और कर्नाटक के जिन सीटों पर वोटिंग होगी, उनमें बिहार की 8, कर्नाटक की 4, महाराष्ट्र की 5 और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं। सभी सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर सियासत पहले से तेज है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने इन सीटों पर अपने अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। बिहार और यूपी में इस चुनाव के रिजल्ट पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी। इन सभी सीटों पर हुए मतदान का रिजल्ट 27 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।


किन सीटों पर आज होगी वोटिंग, जानें अपडेट्स....

Live updates :चार राज्यों की 28 सीटों पर वोटिंग जारी

Auto Refresh
Refresh
  • 9:39 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मुजफ्फरपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी

    तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया।

  • 9:34 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    बुलंदशहर में वोटिंग जारी

    बुलंदशहर: विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक और खंड शिक्षक चुनाव का मतदान हुआ शुरू। आज 23 अक्टूबर को जनपद के 22 केंद्रों और 65 मतदेय स्थल पर होगा मतदान। 17686 मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग।

  • 9:22 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    कुशीनगर में वोटिंग शुरू

    गोरखपुर फैजाबाद शिक्षक एम एल सी चुनाव के लिए मतदान शुरू, जिले में कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ड्यूटी में कुल 6 मजिस्ट्रेट/सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 6 जोनल अधिकारी रख रहे हैं मतदान पर नजर, हर केंद्र पर पुलिस बल की भारी तैनाती।

  • 9:21 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    नितिन गडकरी ने पत्नी कांचन गडकरी के साथ डाला वोट

    नितिन गडकरी विधानपरिषद की नागपुर संभाग की स्नातक सीट के लिये मतदान करने पहुंचे, पत्नी कांचन गडकरी भी साथ थीं। दोनों ने वोटिंग की। बता दें कि महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में महायुती, महाविकास आघाड़ी आमने-सामने हैं। इन सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, महाराष्ट्र के 78 सदस्यीय विधान परिषद में पांच सीटों तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनाव हो रहा है।

  • 8:56 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मैनपुरी में शांतिपूर्वक हो रही है वोटिंग

    मैनपुरी में विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया शुरू, मतदान करने पहुंच रहे लोग। शांतिपूर्ण तरीके से चल रही मतदान की प्रक्रिया।डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पोलिंग बूथ का किया निरीक्षण, बूथ पर तैनात संबंधित कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश। जनपद में बनाए गए 25 बूथ, जिसमें से शिक्षक के 9 बूथ, स्नातक के 16 बूथ ओर 12 केंद्र बनाए गए है, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराया जाएगा चुनाव।

  • 8:52 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    MLC चुनाव, बाराबंकी के 72 बूथों पर मतदान शुरू

    बाराबंकी में लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक MLC चुनाव के लिए मतदान शुरू। स्नातक MLC सीट पर सपा की कांति सिंह और भाजपा के वर्तमान MLC अवनीश सिंह पटेल के बीच मुख्य मुकाबला। निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। जिले में कुल 72 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जा रहा है।

  • 8:44 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    गोरखपुर-फैजाबाद MLC चुनाव, भाजपा-सपा में है कड़ा मुकाबला

    गोरखपुर-फैजाबाद एमएलसी चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और समाजवादी पार्टी के संजयन त्रिपाठी के बीच माना जा रहा है। गोरखपुर, फैजाबाद, महाराजगंज, आजमगढ़, अमेठी, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, देवरिया, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बस्ती, कुशीनगर और मऊ में मतदान हो रहा। मतदान के बाद 28 अक्टूबर को गोरखपुर में मतगणना होगी, जिसके बाद प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला सामने आएगा।

  • 8:42 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    गोरखपुर-फैजाबाद में मतदान शुरू

    गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान शुरू हो चुका है, मतदान 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा,इस चुनाव में 17 जिलों के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
    जनपद अयोध्या में 11 ब्लॉक और शहर के चार मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। शहर में नगर निगम कार्यालय, अयोध्या धाम नगर निगम जोन कार्यालय, मनोहर लाल इंटर कॉलेज और बापू बालिका इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बनाया गया है। 

     

  • 8:36 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    आगरा MLC चुनाव के लिए वोटिंग जारी

    आगरा खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने जिले में कुल 67 मतदेय स्थल बनाए हैं। 43,911 मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस ने भी तगड़े इंतजाम किए हैं।

  • 8:35 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    देवरिया में 16 बूथों पर मतदान जारी

    देवरिया में शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को 16 बूथों पर हो रहा है मतदान, 4,200 मतदाता करने जा रहे है अपने मताधिकार का प्रयोग। मतदान मे कहीं कोई गड़बड़ी न हो इसके लिये सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये है।

  • 8:28 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (MLC) के चुनाव के लिए वोटिंग शुरू

    अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के (MLC) चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। अमरावती विभाग के पांचों जिलों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी, जबकि चुनाव का परिणाम 27 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी मैदान में कुल 26 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला महायुति समर्थित किरण सरनाईक, कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस गठबंधन की अदिति पोहरे और शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के दत्तात्रय लहाने समेत कई प्रमुख उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है।
     
    इसके अलावा किरण चौधरी, चंद्रशेखर भोयर, श्रीकांत देशपांडे, संगीता शिंदे, दिलीप कडू, सुरेश देवकर और डॉ. प्रशांत विखे भी चुनावी मैदान में हैं। अब सभी की निगाहें मतदान के रुझान और 27 अक्टूबर को घोषित होने वाले नतीजों पर टिकी हैं। देखना होगा कि शिक्षक मतदाता किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं।

  • 8:26 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    रायबरेली में वोटिंग शुरू

    रायबरेली स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर आज मतदान, लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनावी प्रक्रिया। रायबरेली में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासन की है कड़ी निगरानी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 29,261 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,384 मतदाता है शामिल, जिले में स्नातक के 41 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 20 मतदान केंद्र बनाये गए। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासन है सतर्क वोटरों की है सीमित लाइनें, वोटिंग शुरू

  • 8:20 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मुरादाबाद में मतदान आज, जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी

    बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव के लिए आज मतदान होगा। जनपद मुरादाबाद में कुल 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 7,510 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में सदर तहसील क्षेत्र में 7, कांठ में 1, बिलारी में 2 और ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में 2 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा के अनुसार चुनाव को सकुशल संपन्न हों इसके लिए करीब 50 पोलिंग पार्टियों के अलावा माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है।

  • 7:57 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    तेजस्वी ने वीडियो शेयर कर X पर लिखा- राजद डरने वाली नहीं है

    एमएलसी चुनाव की वोटिंग से पहले आधी रात को राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव के घर पुलिस पहुंची। तेजस्वी ने इसका वीडियो शेयर कर X पर लिखा- राजद डरने वाली नहीं है। शेयर वीडियो में दिख रहा है कि राजद कैंडिडेट के घर देर रात पुलिस पहुंची है। गेट के एक तरफ से पुलिस अधिकारी कह रहे है कि आपके आवास पर 4-5 लोगों के बाहर से आने की सूचना है, जो चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। जिसके जवाब में कहा गया ये फर्जी न्यूज है। सरकार का फ्रस्ट्रेशन है। मेरे पास जानकारी है कि बीजेपी उम्मीदवार नवल किशोर यादव के आवास पर 500 फर्जी वोटर आये हुए हैं.

  • 7:40 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    वोटिंग से पहले पटना में हलचल तेज

    MLC चुनाव से पहले आरजेडी प्रत्याशी संजीव कुमार के घर पहुंची पुलिस, तेजस्वी ने उठाए सवाल, आधी रात को 7 गाड़ियों में पहुंची पुलिस।

  • 7:25 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    मतगणना 27 अक्टूबर को होगी

    चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, वोटिंग आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। 

  • 7:23 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    कर्नाटक में किन सीटों पर होगी वोटिंग

    कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों पर आज वोटिंग होगी, इनमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स और कर्नाटक वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं, तो वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स और बेंगलुरु टीचर्स सीट पर मतदान होगा।

  • 7:23 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    महाराष्ट्र की 5 सीटों पर होगा मतदान

    महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर आज वोटिंग होगी, इनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक सीटों में औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स और नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अमरावती डिवीजन टीचर्स और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट पर मतदान होगा।

     

  • 7:23 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर सियासी संग्राम

    यूपी की इन 11 सीटों में सबसे ज्यादा चर्चा गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक कोटे की एमएलसी सीट को लेकर है। क्योंकि यह सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहक्षेत्र और राजनीतिक गढ़ से जुड़ी सीट है। इस सीट पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है। दोनों दलों ने इस सीट के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इस सीट पर सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

     

  • 7:22 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    यूपी में किन सीटों पर आज होगी वोटिंग

    उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर आज मतदान होगा, जिसमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं। तो वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन टीचर्स, वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, मेरठ डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं।

     

  • 7:22 AM (IST)
    Posted by Kajal Kumari

    बिहार विधान परिषद की किन सीटों पर है वोटिंग

    बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर आज वोटिंग होगी, इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल है, वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीट पर मतदान होगा।

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।