1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बॉक्स ऑफिस पर भाई Vs बहन! सनी देओल की 'सूर्या' से टकराएगी ईशा की 'प्रताप', नवंबर में बना संयोग

बॉक्स ऑफिस पर भाई Vs बहन! सनी देओल की 'सूर्या' से टकराएगी ईशा की 'प्रताप', नवंबर में बना संयोग

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 23, 2026 09:22 am IST,  Updated : Oct 23, 2026 09:22 am IST

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या- अंत से आरंभ तक' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। एक तरफ फिल्म को लेकर इक विवाद खड़ा हो गया है तो दूसरी तरफ ईशा देओल स्टारर 'प्रताप' के साथ ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

sunny deol- India TV Hindi
एक ही दिन रिलीज हो रहीं ईशा देओल और सनी देओल की फिल्में। Image Source : INSTAGRAM/@UVFILMSOFFICIAL/@IAMSUNNYDEOL

बॉलीवुड में बीते हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी टक्कर देखने को मिली। एक साथ सिनेमाघरों में तीन फिल्में रिलीज हुईं और अब आने वाले समय में दो और फिल्में आमने-सामने नजर आएंगी। खास बात तो ये है कि आमतौर पर जहां बड़े स्टार्स बॉक्स ऑफिस पर आमने-सामने होते हैं तो इस बार दो भाई-बहन के बीच टक्कर देखने को मिलेगी। नवंबर में सिनेमाघरों में ऐसा संयोग बन रहा हैं, जहां एक ही परिवार के दो सदस्य आमने-सामने होंगे। एक तरफ सनी देओल स्टारर 'सूर्या- अंत से आरंभ तक' सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है तो दूसरी तरफ हैं उनकी बहन ईशा देओल, जो लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं और उनकी फिल्म 'प्रताप' भी ठीक उसी दिन रिलीज होने वाली है, जिस दिन सनी देओल की फिल्म रिलीज हो रही है। जी हां, दोनों ही फिल्में नवंबर में सिनेमाघरों में दस्तक दे रही हैं।

आमने-सामने होंगी सनी देओल-ईशा देओल की फिल्में

12 अक्टूबर को सनी देओल की फिल्म 'सूर्या- अंत से आरंभ तक' के निर्माताओं ने एक मोशन पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस की थी, जिसके अनुसार ये फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ये एक गंभीर क्राइम थ्रिलर है, जिसके साथ सनी देओल दर्शकों के सामने आएंगे, वहीं 'प्रताप' की बात करें तो इस फिल्म में अमित साध लीड रोल में दिखाई देंगे और एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में अमित साध के साथ ईशा देओल अहम भूमिका में हैं और कुछ घंटे पहले ही मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस की है, जिसके अनुसार 'प्रताप' भी 20 नवंबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर भाई Vs बहन की टक्कर अब चर्चा का विषय बन गई है।

'प्रताप' में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका में नजर आएंगे अमित साध

सचिन सराफ के निर्देशन में बनी 'प्रताप' की बात करें तो ये एक क्राइम ड्रामा है, जिसमें अमित साध मुंबई के एक सम्मानित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म की पहली झलक साझा की, जिससे इसकी गंभीर और तनावपूर्ण कहानी की ओर इशारा मिलता है। फिल्म में अमित साध के अलावा ईशा देओल भी अहम भूमिका में होंगी  और उनके अलावा सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धुलिया और मिलिंद गुणाजी जैसे कलाकार भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। ईशा देओल के लिए भी यह फिल्म बेहद खास है, क्योंकि इसके जरिए वह लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। 

सनी देओल फिर दिखाएंगे अपना इंटेंस अंदाज

दूसरी तरफ, सनी देओल स्टारर 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' की बात करें तो इस फिल्म में सनी देओल एकदम अलग और गंभीर अवतार में नजर आने वाले हैं। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी किया था, जिसमें मेडिकल सिस्टम के एक बड़े षड्यंत्र के खिलाफ मोर्चे की कहानी देखने को मिलती है। टीजर में सनी देओल का किरदार एक पर्सनल लॉस के बाद भ्रष्टाचार का खुलासा करने के लिए निकल पड़ता है। टीजर में दिखाया गया है कि कैसे धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर मरीजों को लूटते हैं और पैसों के लिए अपने मरीजों की जान की परवाह तक नहीं करते। एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर राज, अनसुलझे सवालों और न्याय की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है।

ये भी पढ़ेंः वीकेंड की प्लानिंग कर लें! आज OTT पर रिलीज हो रहीं 9 नई फिल्में और सीरीज, मिलेगा क्राइम, सस्पेंस और कॉमेडी का फुल डोज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।