1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. उज्जैन: बारिश में ड्यूटी से लौट रहे पंचायत सचिव बाइक समेत नाले में बह गए, 22 घंटे से लापता

उज्जैन: बारिश में ड्यूटी से लौट रहे पंचायत सचिव बाइक समेत नाले में बह गए, 22 घंटे से लापता

एमपी के उज्जैन जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ग्राम पंचायत के सहायक सचिव अपनी बाइक के साथ उफनते नाले में बह गए। उनकी बाइक बुधवार रात करीब 1 बजे घटनास्थल से 50 मीटर दूर बरामद हुई, लेकिन सहायक सचिव का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

पंचायत सहायक सचिव...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पंचायत सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में गुरुवार शाम हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर नालों और पुलियाओं पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला। इसी दौरान बड़नगर तहसील के ग्राम गावड़ी लोधा में सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह (35) उफनते नाले में बह गए। उनका करीब 17 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। गुरुवार रात हुए इस हादसे के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीण लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। आज सुबह 5 बजे से दोबारा बड़े स्तर पर तलाश शुरू की गई, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।

पुलिया पार करते समय बाइक समेत बह गए

गांवड़ी लोढ़ा ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ड्यूटी से घर लौट रहे थे। गांव पहुंचने के लिए उन्होंने पुराने मार्ग की पुलिया से गुजरने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लगातार तेज बारिश के कारण गांव के पास की पुरानी पुलिया पर पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह बाइक सहित बह गए।

बाइक बरामद, सूर्य प्रताप का अब तक कोई सुराग नहीं

सूचना मिलते ही इंगोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रातभर तलाश अभियान चलाया गया। बाद में बड़नगर से रेस्क्यू टीम और फिर उज्जैन से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। रात करीब 1 बजे घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई, लेकिन सूर्य प्रताप सिंह का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

Image Source : reporter inputबाइक बरामद

सर्च ऑपरेशन जारी

आज सुबह पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश आसान बनाने के लिए रास्ते में बने स्टॉप डैम का पानी जेसीबी से निकासी बनाकर खाली कराया गया, ताकि पानी कम होने पर नीचे तक खोजबीन की जा सके। इसके बाद भी टीमों ने आगे के नालों और गांव की ओर तक सर्चिंग की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

पुलिस का कहना है कि SDRF, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। तेज बहाव और बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

(रिपोर्ट- प्रेम डोडिया)

यह भी पढ़ें-

मुंबई-ठाणे समेत 4 शहरों में शनिवार को मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, बढ़ सकती है लोगों की मुश्किलें

कुछ घंटों की बारिश में डूबा कानपुर, नगर निगम के दावों की खुली पोल, सड़कें बनीं तालाब