1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: कलयुगी बहू ने पहले 85 साल के बुजुर्ग ससुर को पीटा, फिर पति को जहर देकर खुद भी पी लिया; जानें वजह

VIDEO: कलयुगी बहू ने पहले 85 साल के बुजुर्ग ससुर को पीटा, फिर पति को जहर देकर खुद भी पी लिया; जानें वजह

Maihar Family Dispute: मैहर में हुई उस वारदात ने सनसनी फैला दी जिसमें कलयुगी बहू ने पहले अपने 85 साल के ससुर को पीटा और बाद में पति को जहर पिलाकर खुद भी उसे पी लिया।

Maihar family dispute- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT मैहर में संपत्ति विवाद मामले में बहू ने उठाया खौफनाक कदम।

मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के नादन गांव में बुजुर्ग पिता की देखभाल और जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने शुक्रवार को हिंसा रूप ले लिया। कलयुगी बहू ने कथित रूप से पहले 85 साल के बुजुर्ग की पिटाई कर दी। इसके बाद अपने पति को कथित तौर पर जहर देकर खुद भी खा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। जानें ये पूरा मामला क्या है।

बारी-बारी से पिता का ख्याल रखने पर विवाद

जानकारी के अनुसार, 85 वर्षीय छोटे लाल गौतम ने अपनी करीब ढाई एकड़ कृषि भूमि तीनों बेटों के बीच बराबर बांट दी थी। पंचायत स्तर पर यह भी तय किया गया था कि तीनों बेटे बारी-बारी से एक-एक माह तक अपने पिता की देखभाल करेंगे। लेकिन इस व्यवस्था को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था।

बड़े बेटे की पत्नी ने बुजुर्ग को पीटा

परिजनों का आरोप है कि बड़े बेटे की पत्नी सुमन गौतम बुजुर्ग के साथ दुर्व्यवहार करती थी। आरोपों के मुताबिक, उन्हें समय पर भोजन नहीं दिया जाता था और अन्य बेटों से मिलने-जुलने से भी रोका जाता था। इसी विवाद के चलते 10 जून को और फिर 12 जून की सुबह बुजुर्ग के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

पति को विष पिलाकर खुद भी पी लिया

घटना की सूचना मिलने पर नादन थाना पुलिस गांव पहुंची। इसी दौरान, विवाद ने नया मोड़ ले लिया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले महिला ने अपने पति को जबरन कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया। वहीं महिला, उसकी बेटी और अन्य परिजनों ने भी जहर पी लिया। इस पूरी घटना के वीडियो भी ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।

डॉक्टर्स की निगरानी में इलाज जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संबंधित लोगों को अपने साथ थाने ले गई। वहां भी महिला की तरफ से जहर खाने की बात कहे जाने पर पुलिस ने तत्काल सभी को इलाज के लिए मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

वीडियो सबूत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पारिवारिक विवाद का समय रहते समाधान कराया जाता तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, वीडियो सबूत और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

(इनपुट- अमित त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें- रतलाम में बवाल, बुलडोजर लेकर पहुंचा प्रशासन, ग्रामीणों ने किया पथराव, 3 पुलिसकर्मी घायल