1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मैहर: स्कूली छात्रा का अपहरण कर रातभर गैंगरेप करते रहे दरिंदे, अगली सुबह तीनों पुलिस को बंद मकान में मिले

मैहर: स्कूली छात्रा का अपहरण कर रातभर गैंगरेप करते रहे दरिंदे, अगली सुबह तीनों पुलिस को बंद मकान में मिले

पुलिस ने दो आरोपियों को बच्ची के साथ बंद मकान में पकड़ा। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Maihar Gangrape- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस की गिरफ्त में गैंगरेप के आरोपी

मैहर के अमदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक 13 वर्षीय आठवीं कक्षा की छात्रा का स्कूल के बाहर से अपहरण कर लिया गया। दोनों बदमाशों ने उसे स्कूल से दूर एक बंद मकान में ले जाकर रातभर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने शनिवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान बच्ची को बरामद कर लिया। पीड़िता को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेज दिया गया है।

13 वर्षीय बच्ची शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे स्कूल गई थी। उसका घर स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर है। शाम करीब 5 बजे तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार शुक्रवार रात करीब 9 बजे परिजनों ने झुकेही चौकी में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

रातभर चला सर्च ऑपरेशन

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। शनिवार सुबह पुलिस टीम झुकेही तालाब के पास बसोर बस्ती में तलाश कर रही थी। इसी दौरान एक बंद मकान से हलचल और आवाजें सुनाई दीं। शक होने पर पुलिस ने तुरंत दबिश दी और अंदर से बच्ची को संदिग्ध हालत में बरामद कर लिया। पीडि़ता ने पुलिस को पूरी घटना बताई। उसके बयान के आधार पर मामला पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में दर्ज कर लिया गया है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इनमें सनी कोहली (25 वर्ष), निवासी झुकेही और गोलू उर्फ दीपक बसोर (38 वर्ष), निवासी झुकेही शामिल हैं। जांच में पता चला कि दीपक बसोर कटनी जिले का निगरानीशुदा बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

तेजी से चार्जशीट तैयार होगी

सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कोई और आरोपी तो शामिल नहीं है। मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट तैयार कर अदालत में पेश की जाएगी। पीडि़ता को मेडिकल टेस्ट और मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग के लिए भेज दिया गया है। पूरे इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

(मैहर से अमित त्रिपाठी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

यूपी में आज से लू का अलर्ट, दिल्ली में 5 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान, बंगाल में भारी बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी जारी

गुजरात: धंधुका में युवक की हत्या के बाद भारी तनाव, दो समुदायों के बीच झड़प, शहर में आगजनी और पुलिस का कड़ा पहरा