1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात: धंधुका में युवक की हत्या के बाद भारी तनाव, दो समुदायों के बीच झड़प, शहर में आगजनी और पुलिस का कड़ा पहरा

गुजरात: धंधुका में युवक की हत्या के बाद भारी तनाव, दो समुदायों के बीच झड़प, शहर में आगजनी और पुलिस का कड़ा पहरा

 Reported By: Nirnay Kapoor Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 19, 2026 06:34 am IST,  Updated : Apr 19, 2026 06:52 am IST

युवक की हत्या के बाद माहौल बिगड़ गया। इलाके में दो गुटों की झड़प के बाद आगजनी कर दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात पुलिस ने मार्च भी निकाला।

गाड़ियों में लगाई गई आग- India TV Hindi
गाड़ियों में लगाई गई आग Image Source : ANI

गुजरात के अहमदाबाद जिले के धंधुका में शनिवार को एक युवक की हत्या के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। इस घटना ने सांप्रदायिक रंग ले लिया है, जिसके चलते दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए हैं। कई जगहों पर आगजनी और तोड़फोड़ की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे इलाके में भारी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

सड़कों पर उतर आए लोग

शनिवार दोपहर धंधुका में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। जैसे ही यह खबर फैली, लोग सड़कों पर उतर आए और न्याय की मांग करने लगे। 

उपद्रवियों ने कई वाहनों में लगाई आग

धंधुका में मोटरसाइकिल दुर्घटना को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की हत्या कर दिए जाने के बाद हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने आगजनी कर कई वाहनों में आग लगा दी।

संपत्तियों को भी किया आग के हवाले

गुस्साई भीड़ ने शहर के कुछ हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। रिपोर्ट के अनुसार, दो पक्षों के बीच पथराव हुआ और कुछ संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी है।

 

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई गश्त

शहर में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। राज्य पुलिस के आला अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस ने युवक के हत्यारे की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अन्य संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी है। 

गश्त पर निकली पुलिस
Image Source : ANIगश्त पर निकली पुलिस

नियंत्रण में है स्थिति

फिलहाल धंधुका में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव बरकरार है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न घटे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।