1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. वडोदरा में लड्डू नाम का तोता हुआ लापता तो महिला ने छोड़ा अन्न, ढूंढकर लाने वाले को मिलेगा एक लाख का इनाम

वडोदरा में लड्डू नाम का तोता हुआ लापता तो महिला ने छोड़ा अन्न, ढूंढकर लाने वाले को मिलेगा एक लाख का इनाम

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 04, 2026 02:40 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 02:40 pm IST

गुजरात के वडोदरा में पारिख परिवार का तोता 4 दिन से लापता है, जिसके बाद घर की महिला ने भी अन्न त्याग दिया। महिला का कहना है कि जो भी उसके तोते को ढूंढकर लाएगा, वह उसे एक लाख रुपए का इनाम देगी।

Vadodara- India TV Hindi
पारिख परिवार का तोता 4 दिन से लापता Image Source : REPORTER INPUT

वडोदरा: कहते हैं कि प्रेम एक ऐसी भावना है जो चाहें इंसान से हो या जानवर से, फिर इस भावना को कोई खत्म नहीं कर पाता। गुजरात के वडोदरा से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां के पारिख परिवार का तोता 4 दिन से लापता है, ऐसे में परिवार की महिला ने 4 दिन से अन्न नहीं खाया है। महिला की हालत खराब है क्योंकि वह तोते को अपने बच्चे की तरह पाल रही थीं और अब वह लापता है।

क्या है पूरा मामला?

वडोदरा के सेवासी रोड स्थित इस्कॉन हाइट्स में रहने वाले पारिख परिवार का छह महीने का अफ्रीकन ग्रे पैरट 'लड्डू' पिछले चार दिनों से लापता है। परिवार उसे पिछले जुलाई महीने में मुंबई से 1 लाख 10 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। 

लड्डू के गायब होने से सबसे ज्यादा सदमे में उसकी मां जैसी देखभाल करने वाली जेसिका पारिख हैं। उन्होंने लड्डू की परवरिश के लिए अपनी निजी स्कूल की नौकरी तक छोड़ दी थी। पिछले चार दिनों से उन्होंने अन्न का एक दाना भी नहीं खाया है।

जेसिका के मुताबिक, लड्डू सुबह से रात तक उनके आसपास रहता था। कभी सीने पर तो कभी गोद में बैठकर खाना खाता था। आज घर में उसका खाली पिंजरा और उसकी यादें परिवार को रुला रही हैं।

तोते को सुरक्षित ढूंढकर लाने वाले को इनाम की घोषणा

परिवार ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन लड्डू का कोई सुराग नहीं मिला। अब उसे सुरक्षित वापस लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। लड्डू की पहचान उसकी आंख के पास निशान, चोंच पर खुरदरे निशान और पैर में पहने कड़े से की जा सकती है। 

जेसिका की लोगों से अपील है कि मजाक न बनाएं, बल्कि लड्डू को ढूंढने में मदद करें। परिवार की बस एक ही पुकार है, लौट आओ लड्डू, तुम्हारी मां तुम्हारा इंतजार कर रही है।

जेसिका पारिख ने तोते के बारे में क्या बताया?

जेसिका पारिख ने बताया, "लड्डू मेरे लिए सिर्फ एक तोता नहीं, बल्कि मेरा बेटा है। मैं उसे अपने बच्चे की तरह पालती थी। सुबह से रात तक वह मेरे साथ रहता था। कभी मेरी छाती पर तो कभी मेरी गोद में बैठकर खाना खाता था। पिछले चार दिनों से मैंने अन्न का एक दाना तक नहीं खाया है। मुझे हर पल उसकी चिंता सताती है कि वह कहां होगा, उसने खाना खाया होगा या नहीं।"

जेसिका ने बताया, "कुछ लोग पेट पेरेंट्स का मजाक उड़ाते हैं, लेकिन मेरा दर्द वही समझ सकता है जिसने किसी बेजुबान से इतना प्यार किया हो। मेरी सभी से हाथ जोड़कर विनती है कि मेरा लड्डू मुझे वापस लौटा दीजिए। उसे ढूंढकर लाने वाले को मैं एक लाख रुपये का इनाम दूंगी।"

बता दें कि इससे पहले एक फिरंगी तोता चर्चा में रहा था। उसकी गजब इंग्लिश सुनकर सब हैरान थे। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।  (रिपोर्ट- सत्यम नेवास्कर)

ये भी पढ़ें-

हाथ में मृत तोता लेकर जनसुनवाई में पहुंचा शख्स, अधिकारियों से लगाई ये गुहार; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।