गुजरात के सूरत शहर में दिवाली के त्योहार के बीच इंसानियत को झकझोर देने वाली हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कतारगाम के गोटालावाड़ी चार रास्ता के पास स्थित ईसाई कब्रिस्तान से एक अज्ञात युवक का बिना सिर वाला नग्न धड़ मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कतारगाम पुलिस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, FSL और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान अमरोली इलाके में रहने वाले 30 वर्षीय संजय के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी सचित्र कुमार नरेंद्र बाल दोनों मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे। दोनों कतारगाम GIDC स्थित एक लूम्स कारखाने में साथ काम करते थे।
विवाद की वजह क्या?
प्राथमिक जांच के मुताबिक, संजय और आरोपी के बीच 30 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने संजय को अपने घर बुलाया। घर पहुंचने के बाद उसके दोनों हाथ बांध दिए और मीट काटने वाले छुरे से बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
धड़ कब्रिस्तान में और सिर रेलवे ट्रैक पर फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने और मृतक की पहचान छिपाने के इरादे से बिना सिर वाले धड़ को अपने घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित ईसाई कब्रिस्तान में फेंक दिया। वहीं, कटा हुआ सिर दूसरे दिन करीब तीन किलोमीटर दूर अलकापुरी ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
4-5 फीट ऊंची घास के बीच मिला शव
3 नवंबर की रात कतारगाम पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गोटालावाड़ी चार रास्ता के पास स्थित ईसाई कब्रिस्तान में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कब्रिस्तान में चार से पांच फीट ऊंची घास उगी होने के कारण शव आसानी से दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने तलाशी के दौरान बिना सिर वाला धड़ बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
आरोपी की निशानदेही पर कटा सिर बरामद
दूसरी ओर, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने मृतक का सिर अलकापुरी ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के पास फेंका था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया। DNA जांच सहित आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उसे स्मीमेर अस्पताल भेजा गया। इस मामले में कतारगाम पुलिस ने आरोपी सचित्र कुमार नरेंद्र बाल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
वहीं, एक अन्य मामले में अहमदाबाद में पिता ने 10 साल के इकलौते बेटे की बलि दे दी और फिर उसके शव के पास ही चारपाई पर सो गया।
(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)
यह भी पढ़ें-