1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शादी से मना किया तो इंस्टाग्राम फ्रेंड ने चाकू मारकर किया लहूलुहान, कान पकड़कर पुलिस से माफी मांगते नजर आया सूरज

शादी से मना किया तो इंस्टाग्राम फ्रेंड ने चाकू मारकर किया लहूलुहान, कान पकड़कर पुलिस से माफी मांगते नजर आया सूरज

मध्य प्रदेश के सतना में गुरुवार सुबह एक युवक ने चाकू से महिला पर हमला कर दिया। चाकू महिला की कमर के ऊपर लगा, जिससे वह घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस हिरासत में आरोपी

सतना। मध्य प्रदेश के सतना में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के धवारी तिराहे के पास गुरुवार सुबह एक महिला पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सूरज जाटव के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा भी जब्त कर ली है। 

प्रारंभिक जांच में महिला और आरोपी के बीच शादी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, महिला गुरुवार सुबह करीब 10 बजे धवारी तिराहे के पास पैदल जा रही थी। इसी दौरान आरोपी सूरज जाटव एक्टिवा से वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पीछे से महिला की कमर के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला घायल होकर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया। आरोपी से एक्टिवा से सागर से सतना तक पहुंचा था। 

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए धवारी तिराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों के आधार पर पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने तलाश करते हुए सूरज जाटव को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी जब्त की है।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी पहचान

पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पति की मौत के बाद वह बच्चों के साथ रह रही है। महिला के मुताबिक वर्ष 2024 में वह एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने सागर गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सूरज जाटव से हुई थी। बाद में दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हो गई। 

यहां देखें वीडियो

पुलिस ने निकाला जुलूस 

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद रोड पर सभी के सामने जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले पुलिस ने सागर जहरीली शराब कांड में इनामी मनीष लोधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। 

रिपोर्टः अमित त्रिपाठी, सतना

ये भी पढ़ेंः 'भाइयों को छुआ तो जान से मार दूंगा', बदली बैरक तो भड़का फरार डकैत कल्ली गुर्जर, मुरैना जेल के उप अधीक्षक को दी धमकी