मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से खजाना निकला है। भानपुरा थाना क्षेत्र के बरखेड़ी गांव में मकान निर्माण के लिए नींव की खुदाई के दौरान 100 साल से अधिक पुराने चांदी के सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खुदाई में 700 से अधिक पुराने सिक्के मिले, जिन्हें मकान मालिक, मजदूर और अन्य लोगों ने आपस में बांट लिया।
पुलिस ने कई के खिलाफ केस किया दर्ज
मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान मालिक, मजदूर और दो नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे बरखेड़ी गांव में मकान की नींव के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के अंदर से बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के निकलने लगे।
सिक्कों की संख्या 700 से अधिक
सिक्कों पर अंग्रेजी शासनकाल से जुड़े निशान और 1904 के आसपास के पुराने सिक्के होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सिक्कों की संख्या 700 से अधिक है। सिक्के मिलने के बाद उन्हें आपस में बांट लिया गया और मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
144 चांदी के सिक्के और लाखों की नकदी बरामद
बाद में सिक्कों की संख्या को लेकर विवाद की जानकारी पुलिस तक पहुंची। ग्राम चौकीदार से सूचना मिलने के बाद भानपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मकान मालिक प्रेमसिंह पिता देवीसिंह भाटी, मजदूर जीतमल बैरागी और दो नाबालिगों को मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 144 चांदी के सिक्के और 2 लाख 38 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
एक सिक्के की कीमत करीब 4 हजार रुपये
भानपुरा पुलिस के अनुसार तत्कालीन समय में सिक्कों में इस्तेमाल की गई चांदी की शुद्धता के आधार पर एक सिक्के की कीमत करीब 4 हजार रुपये तक हो सकती है। इस हिसाब से बरामद सिक्कों के अलावा खुदाई में मिले बताए जा रहे सिक्कों की कुल कीमत काफी अधिक होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि खुदाई में कुल कितने सिक्के मिले थे और उनमें से कितने लोगों के पास पहुंचे। बरामद सिक्कों की ऐतिहासिक और वास्तविक कीमत का आकलन भी जांच के बाद स्पष्ट होगा।
अशोक परमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
खड़े हनुमान मंदिर को लेकर उमा भारती ने मोहन यादव को लिखा पत्र, शिवराज के समय भोपाल की मस्जिद का दिया उदाहरण