1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. खड़े हनुमान मंदिर को लेकर उमा भारती ने मोहन यादव को लिखा पत्र, शिवराज के समय भोपाल की मस्जिद का दिया उदाहरण

खड़े हनुमान मंदिर को लेकर उमा भारती ने मोहन यादव को लिखा पत्र, शिवराज के समय भोपाल की मस्जिद का दिया उदाहरण

 Reported By: Anurag Amitabh,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 10, 2026 04:47 pm IST,  Updated : Sep 10, 2026 06:18 pm IST

उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर का मुद्दा अब काफी गर्मा गया है। हिंदू संगठनों के साथ ही अब नेताओं की बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है।

उमा भारती, सीएम मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज चौहान- India TV Hindi
उमा भारती, सीएम मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज चौहान Image Source : PTI AND REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित खड़े हनुमान मंदिर को हटाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। उमा भारती ने पत्र के जरिए मंदिर के संरक्षण की मांग उठाते हुए विकास कार्यों के साथ धार्मिक आस्था का संतुलन बनाए रखने की अपील की है।

मंदिर की आस्था रहे सुरक्षित

उमा भारती ने अपने पत्र में कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं उज्जैन के रहने वाले हैं। ऐसे में उज्जयिनी शहर और वहां मौजूद धार्मिक स्थलों की गरिमा को उनसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता है। उन्होंने खड़े हनुमान मंदिर को लेकर ऐसा समाधान निकालने की अपील की, जिससे विकास कार्य भी प्रभावित न हों और मंदिर की आस्था भी सुरक्षित रहे।

उमा भारती ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र
Image Source : REPORTER INPUTउमा भारती ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

पूर्व सीएम शिवराज चौहान के कार्यकाल का दिया उदाहरण

अपने सुझाव के समर्थन में उमा भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि भोपाल में कमलापति पार्क के सामने सड़क चौड़ीकरण के दौरान वहां मौजूद एक मस्जिद को नहीं हटाया गया था। सरकार ने धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए सड़क का पूरा प्लान बदल दिया और वैकल्पिक तरीके से सड़क का निर्माण कराया था।

'विकास और आस्था साथ-साथ'

उमा भारती ने कहा कि बीजेपी की सरकारें विकास और आस्था दोनों को साथ लेकर चलती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील की कि उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर के मामले में भी भोपाल की तरह रास्ता निकाला जा सकता है। उनका कहना है कि विकास के लिए ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे धार्मिक स्थल को हटाने की जरूरत न पड़े और श्रद्धालुओं की आस्था भी बनी रहे।

जानिए क्या है खड़े हनुमान मंदिर का मामला?

बता दें कि उज्जैन के कंठाल चौराहा से छत्री चौक/बड़ा सराफा मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी रास्ते में करीब 170 साल पुराना खड़े हनुमान मंदिर आता है। सड़क चौड़ीकरण के लिए मंदिर के बाहरी ढांचे को हटाया गया, लेकिन करीब 8 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा को दूसरी जगह ले जाने की कोशिशें सफल नहीं हुईं। भारी मशीनों और तकनीकी प्रयासों के बावजूद प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली।

इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में आस्था और बढ़ गई। कई लोग इसे चमत्कार या दैवीय संकेत मान रहे हैं, जबकि प्रशासन और विशेषज्ञ प्रतिमा के जमीन में कितने गहरे आधार पर टिकी होने जैसी तकनीकी वजहों की जांच कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 

उज्जैन में खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को हटाने की सारी कोशिशें नाकाम, भक्तों ने बताया चमत्कार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।