मध्य प्रदेश के धार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक कार से बाहर गिर गया। हादसा सादलपुर थाना क्षेत्र में एक ढाबे के पास पुलिया पर हुआ। जहां तेज रफ्तार डिजायर कार पुलिया पर बने डिवाइडर से टकराने के बाद नीचे गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन तक बाहर निकलकर गिर गया। इसके बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
देर रात कार हादसे का हुई शिकार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में पांच युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त सागौर से राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन करने के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे सादलपुर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
पुलिया के नीचे जा गिरी कार
बताया जा रहा है कि डिवाइडर से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी। टक्कर के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि कार में सवार चार अन्य युवक अंदर ही फंस गए। इसी बीच कार में आग लग गई और चारों युवक उसकी चपेट में आ गए। आग इतनी भीषण थी कि उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका। पुलिया से नीचे गिरने के बाद कार धूं-धूं कर जलती रही। जिस किसी भी ने ये दृश्य देखा, वह हैरान रह गया।
कार में सवार 4 युवक जिंदा जले
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दमकल विभाग को भी सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से कार में लगी आग बुझाई गई। हालांकि, तब तक कार में सवार चारों युवकों की मौत हो चुकी थी।
हादसे के कारणों में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों और घायल युवक की पहचान तथा दुर्घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें:
भोपाल ISBT में बड़ा हादसा टला, बस स्टैंड पर 8 गाड़ियों में लगी आग, 4-5 करोड़ का हुआ नुकसान